एसएसपी जय प्रकाश सिंह की मौजूदगी में हुई बलवा ड्रिल, आंसू गैस और एंटी राइट गन के इस्तेमाल का कराया गया पूर्वाभ्यास
उन्नाव। आकस्मिक परिस्थितियों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और समाज में सुरक्षित व भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में दंगा-बलवा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास कराया गया। एसएसपी जय प्रकाश सिंह और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी बीघापुर एवं लाइन प्रदीप कुमार की मौजूदगी में करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बलवा ड्रिल में हिस्सा लिया।
अभ्यास के दौरान विधि विरुद्ध भीड़ को नियंत्रित करने और तितर-बितर करने के लिए रबर बुलेट गन, लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले, एंटी राइट गन और टियर गैस गन के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। साथ ही हैंड ग्रेनेड, टियर स्मोक सेल और नेट के प्रयोग का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को इन उपकरणों के इस्तेमाल के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया गया।
इस दौरान बताया गया कि दंगा-बलवा जैसी परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का किस प्रकार उपयोग किया जाए। पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में संयम बरतते हुए प्रशिक्षित तरीकों से भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के तरीके सिखाए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल को आकस्मिक परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना है। बलवा ड्रिल के दौरान प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
