नेताओं की प्रेस वार्ताओं में बदली प्राथमिकता, राजनीतिक संगठनों में भी मिलने लगे पद
सवाल पूछने वाले पत्रकारों के मुकाबले प्रचार करने वाले डिजिटल चेहरों को मिल रही तवज्जो, मीडिया सेल की रणनीति पर उठने लगे सवाल
उन्नाव। राजनीति और पत्रकारिता के बीच दशकों से चली आ रही परंपरागत व्यवस्था में अब बदलाव की तस्वीर साफ दिखाई देने लगी है। कभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों की प्रेस वार्ताओं में पत्रकारों की मौजूदगी अहम मानी जाती थी। पत्रकार सवालों के जरिए नेताओं को जवाबदेह बनाते थे और जनता से जुड़े मुद्दों को सामने लाते थे। लेकिन डिजिटल दौर में अब इस व्यवस्था का स्वरूप बदलता नजर आ रहा है। कई राजनीतिक कार्यक्रमों में पारंपरिक पत्रकारों के मुकाबले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर को प्राथमिकता मिलने लगी है।
फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलोअर्स की संख्या अब राजनीतिक गलियारों में पहचान और प्रभाव का नया पैमाना बनती जा रही है। नेताओं के कार्यक्रमों में ऐसे डिजिटल चेहरों को विशेष आमंत्रण, मंच पर जगह और अलग से तवज्जो दी जा रही है। कुछ आयोजनों में महंगे उपहार और नकद राशि देकर सम्मानित किए जाने की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या राजनीतिक दलों के लिए अब खबरों की विश्वसनीयता से ज्यादा सोशल मीडिया की पहुंच और प्रचार की क्षमता महत्वपूर्ण हो गई है?
बदलाव केवल प्रेस वार्ताओं और कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ चेहरों को राजनीतिक दलों और उनके सहयोगी संगठनों में पद एवं जिम्मेदारियां भी दी जाने लगी हैं। इससे राजनीति और डिजिटल प्रचार के बीच बढ़ते गठजोड़ की तस्वीर सामने आ रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जिन चेहरों को पहले केवल सोशल मीडिया क्रिएटर के रूप में देखा जाता था, वे अब संगठनात्मक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने लगे हैं।
मीडिया सेल की रणनीति या पत्रकारिता की बदलती भूमिका……
राजनीतिक दलों की मीडिया टीमों और सोशल मीडिया सेल की रणनीति में भी बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है। अब कार्यक्रमों की कवरेज के लिए ऐसे चेहरों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनकी डिजिटल पहुंच बड़ी है और जो नेताओं के संदेश को कम समय में अधिक लोगों तक पहुंचा सकते हैं। कई बार मीडिया सेल की ओर से तय की गई प्रचार रणनीति के अनुरूप ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सामग्री प्रसारित होती दिखाई देती है। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या नेताओं तक जनता की वास्तविक समस्याओं और असहज सवालों की जगह सोशल मीडिया पर उनकी छवि चमकाने वाली सामग्री अधिक पहुंच रही है।
पत्रकारिता और इन्फ्लुएंसर की भूमिका में अंतर..…..
पत्रकारिता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की भूमिका को एक ही तराजू पर नहीं तौला जा सकता। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य तथ्यों की पड़ताल करना, सत्ता और व्यवस्था से सवाल करना तथा जनता की समस्याओं को निष्पक्षता के साथ सामने लाना है। वहीं इन्फ्लुएंसर की पहचान मुख्य रूप से उनकी डिजिटल पहुंच, फॉलोअर्स और दर्शकों के साथ जुड़ाव से बनती है। हालांकि कई सोशल मीडिया क्रिएटर भी गंभीर जनहित के मुद्दे उठाते हैं, लेकिन लोकप्रियता और पत्रकारिता की जवाबदेही दो अलग-अलग कसौटियां हैं।
राजनीतिक दलों के लिए इन्फ्लुएंसर इसलिए भी उपयोगी साबित हो रहे हैं, क्योंकि उनके माध्यम से किसी संदेश, वीडियो या राजनीतिक गतिविधि को कुछ ही घंटों में बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। पारंपरिक मीडिया के साथ अब डिजिटल प्रचार को भी राजनीतिक रणनीति का अहम हिस्सा बनाया जा रहा है।
क्या प्रेस वार्ताएं भी बन जाएंगी प्रचार का मंच…
इस बदलते परिदृश्य में सबसे बड़ा सवाल प्रेस वार्ताओं की मूल भावना को लेकर है। प्रेस वार्ता का उद्देश्य केवल नेता का संदेश जनता तक पहुंचाना नहीं, बल्कि पत्रकारों के सवालों के माध्यम से उन मुद्दों पर जवाब हासिल करना भी है, जिनका जवाब जनता जानना चाहती है। यदि ऐसे आयोजनों में सवाल पूछने वाले पत्रकारों की अपेक्षा प्रचार सामग्री तैयार करने वाले चेहरों को अधिक महत्व मिलने लगा, तो प्रेस वार्ताओं की उपयोगिता और स्वतंत्र पत्रकारिता की भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पत्रकारों की जगह पूरी तरह ले पाएंगे या नहीं, यह भविष्य के गर्भ में है। लेकिन इतना जरूर है कि राजनीति में डिजिटल चेहरों की बढ़ती भागीदारी ने मीडिया की पारंपरिक व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना यह होगा कि राजनीतिक दल डिजिटल लोकप्रियता और पत्रकारिता की स्वतंत्रता के बीच संतुलन कैसे बनाते हैं। क्योंकि लोकतंत्र में प्रचार जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी सत्ता से सवाल पूछना भी है।