Home उत्तर प्रदेश उन्नाव सत्ता की सियासी पहुंच के आगे बेबस कानून: भाजपा नेता और चेयरमैन...

सत्ता की सियासी पहुंच के आगे बेबस कानून: भाजपा नेता और चेयरमैन पर विधवा की जमीन हड़पने का आरोप, कार्यवाई शून्य

0

उन्नाव। आम आदमी के खिलाफ शिकायत मिलते ही पुलिस की सक्रियता दिखाई देने लगती है, लेकिन जब आरोपों के घेरे में कोई राजनीतिक रसूखदार आ जाए तो कार्रवाई की रफ्तार पर सवाल क्यों उठने लगते हैं। हसनगंज तहसील क्षेत्र में विधवा की जमीन के कथित फर्जी बैनामे का मामला पुलिस की इसी कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर रहा है। आरोप नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा से जुड़े नेता दिलीप लश्करी पर हैं। पीड़िता का दावा है कि विरासत की जमीन अपने नाम कराने के लिए तहसील पहुंची महिला को भरोसे में लेकर दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाया गया और बाद में उसी जमीन का बैनामा दूसरे के नाम करा दिया गया। बैनामे में 12 लाख रुपये का भुगतान दर्ज है, जबकि महिला का कहना है कि उसे एक रुपया तक नहीं मिला।
मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ा है क्योंकि शिकायत में नामित दिलीप लश्करी फरवरी 2024 में अन्य निकाय अध्यक्षों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। ऐसे में अब सवाल केवल कथित धोखाधड़ी का नहीं, बल्कि यह भी है कि क्या राजनीतिक पहचान से जुड़े इस मामले में पुलिस उतनी ही तत्परता दिखा रही है, जितनी किसी सामान्य शिकायत में दिखाई जाती है? हालांकि राजनीतिक दबाव या पुलिस की मिलीभगत का कोई स्वतंत्र प्रमाण सामने नहीं आया है।

पहले भरोसा जीता, फिर अंगूठा लगवाया और जमीन का करा दिया बैनामा……..
पीड़िता माया पत्नी स्वर्गीय श्रीकृष्ण की शिकायत के मुताबिक, पति की मृत्यु के बाद दिसंबर 2024 में वह हसनगंज तहसील अपनी विरासत की जमीन अपने नाम दर्ज कराने पहुंची थीं। इसी दौरान तहसील परिसर के बाहर उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई। आरोप है कि उसने खुद को नवाबगंज का चेयरमैन बताते हुए उनका काम कराने का भरोसा दिया।
महिला का आरोप है कि चुनाव और आधार कार्ड के नाम पर उससे जरूरी दस्तावेज लिए गए। इसके बाद कचहरी ले जाकर कुछ कागजात तैयार कराए गए और अंगूठा लगवा लिया गया। उसे भरोसा था कि जमीन का नामांतरण कराया जा रहा है, लेकिन बाद में पता चला कि जमीन का बैनामा किसी दूसरे व्यक्ति के नाम हो चुका है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दिलीप लश्करी ने अपने मामा के लड़के दिव्य प्रकाश पुत्र ओम प्रकाश के नाम जमीन का बैनामा कराया। यह मामला केवल जमीन के लेनदेन का नहीं, बल्कि दस्तावेजों के कथित दुरुपयोग और धोखाधड़ी की गंभीर जांच का विषय हो सकता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version