एसडीएम व तहसीलदार ने की मध्यस्थता
बबेरू, बांदा। बबेरू कस्बे की मंडी समिति में धान खरीद को लेकर किसानों और व्यापारियों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को एसडीएम अंकित वर्मा, तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव और मंडी सचिव अखंड प्रताप सिंह की मौजूदगी में बैठक हुई। बैठक शाम 5 बजे तक चली, लेकिन किसानों और व्यापारियों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी।
किसानों का आरोप है कि व्यापारी टीडीएस के नाम पर अवैध वसूली, नगद भुगतान पर प्रति क्विंटल 50 रुपये की कटौती और सुखवन के नाम पर दो से तीन किलो धान की कटौती कर रहे हैं। इसी को लेकर किसानों और व्यापारियों के बीच विवाद चल रहा है। शनिवार को तहसील दिवस में किसानों और समाजसेवियों ने एसडीएम से शिकायत की थी।
शिकायत के बाद रविवार को अधिकारियों ने किसानों और व्यापारियों से अलग-अलग वार्ता की। तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। जो निष्कर्ष निकलेगा, उसकी जानकारी सभी को दी जाएगी। वहीं किसानों ने बताया कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ और किसानों की बात नहीं मानी गई, तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होगा, इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह पटेल, महानंद सिंह, प्रेमचंद्र पटेल, समाजसेवी पीसी पटेल, जदयू की राष्ट्रीय प्रवक्ता शालिनी सिंह पटेल, मनीष पटेल, व्यापारी मोनू गुप्ता, राजेश कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, किसान और व्यापारी मौजूद रहे।
बबेरू मंडी में किसानों और धान व्यापारियों की बैठक बेनतीजा


