Home उत्तर प्रदेश उन्नाव उन्नाव में तीन अलग-अलग हादसों में तीन की मौत, परिवारों में मचा...

उन्नाव में तीन अलग-अलग हादसों में तीन की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

0

उन्नाव। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की जान चली गई, वहीं सई नदी के पुल से गिरकर ग्राम प्रधान के पिता की मौत हो गई। उधर, परिषदीय विद्यालय की छत से गिरकर घायल हुए पेंटर ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

एलिवेटेड हाईवे से उतरकर घर जा रहे युवक को वाहन ने रौंदा….
अचलगंज थाना क्षेत्र के आंटा गांव निवासी संजय रावत (35) पुत्र गजराजी लखनऊ में राजमिस्त्री का काम करता था। मंगलवार रात वह लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड हाईवे से गांव के बाहर सर्विस रोड पर उतरकर पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घर नहीं पहुंचने पर बुधवार सुबह परिजनों ने तलाश शुरू ! तो हादसे की जानकारी मिली। मोर्चरी में शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। संजय की मौत से पत्नी संजू और मां नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक पांच बच्चों का पिता था। उसके परिवार में चार बेटियां नैना, सुनैना, सुनाली, शिवांशी और बेटा शिवांश है। एसओ सुब्रत नारायण त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

सई नदी पुल के नीचे मिला ग्राम प्रधान के पिता का शव……
बिहार थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव के प्रधान रोहित के पिता रामलखन (55) पुत्र राममनोहर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह मंगलवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश की, मगर उनका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह गांव के बाहर सई नदी किनारे पथरीली जमीन पर उनका शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। प्रथम दृष्टया पुल से नीचे गिरने के कारण मौत होने की आशंका जताई गई। पुलिस के अनुसार परिजनों ने भी पुल से गिरने की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। रामलखन की मौत से पत्नी ननकई और बेटे मनोज, रोहित व अमित का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ राहुल सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार वह पुल से नीचे गिर गए थे। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

स्कूल की छत से गिरकर पेंटर की मौत….
आसीवन थाना क्षेत्र के मदारीखेड़ा गांव निवासी रामकिशोर (35) पुत्र मोतीलाल पेंटिंग का काम करता था। पड़ोसी गांव संरंभा के परिषदीय विद्यालय में रंगाई-पुताई होनी थी। इसी काम का ठेका लेने के उद्देश्य से वह मंगलवार को विद्यालय पहुंचा था। इसी दौरान अचानक छत से उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मियागंज सीएचसी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की मौत से बेटे संदीप का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि छत से गिरने के कारण पेंटर की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version