मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्ताव को दी मंजूरी, विधानसभा क्षेत्र के कई स्थानों पर प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार और होगा भव्य सौंदर्यीकरण
उन्नाव। सदर विधानसभा क्षेत्र में स्थापित महापुरुषों और वीरांगनाओं की प्रतिमाओं व स्मृति स्थलों के दिन बहुरने वाले हैं। सदर विधायक पंकज गुप्ता के लगातार प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। उनके द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं और उनसे जुड़े परिसरों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है।
विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराना नहीं, बल्कि महापुरुषों के विचारों, आदर्शों और उनके ऐतिहासिक योगदान को भी संरक्षित करना है। इन स्मृति स्थलों को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप देकर आने वाली पीढ़ियों को महापुरुषों के संघर्ष और सामाजिक योगदान से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
गौरतलब है कि क्षेत्र के कई स्मृति स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण की मांग लंबे समय से उठ रही थी। विधायक ने जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए इस प्रस्ताव को शासन स्तर पर आगे बढ़ाया। अब मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में विकास कार्य शुरू होने की उम्मीद जगी है।
विधायक पंकज गुप्ता ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं का सम्मान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। महापुरुषों की प्रतिमाएं और स्मृति स्थल हमारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत हैं। इनका संरक्षण करना आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
