बलरामपुर। कोतवाली नगर पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1.535 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर की रात करीब 8:15 बजे ग्राम मुरलीपुर से मेवालाल जाने वाले बंधे पर स्थित पुलिया के पास एक युवक को पकड़ा गया। उसकी पहचान मनोज कुमार (22) पुत्र बलवीर निवासी धंधरा, शिवपुरा, थाना ललिया के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की दाहिनी जेब से सैमसंग और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा पीछे की जेब से आधार कार्ड मिला। वहीं, पैंट की बाईं जेब से गांजे के दो पारदर्शी पैकेट बरामद हुए।
पुलिस ने युवक के पास रखे झोले की तलाशी ली तो उसमें काली पन्नी के पांच बंडल, पारदर्शी सील के पांच छोटे पैकेट और एक खुला पैकेट मिला। सभी पैकेटों को पन्नियों सहित इलेक्ट्रॉनिक तराजू पर तौला गया तो कुल वजन 1.535 किलोग्राम निकला। गांजे के संबंध में वैध लाइसेंस या अधिकार पत्र मांगने पर युवक नहीं दिखा सका।
उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजे और दोनों मोबाइल फोन को सील कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बरामदगी और गिरफ्तारी की वीडियोग्राफी भी कराई गई। अभियुक्त की गिरफ्तारी की सूचना उसके पिता को दी गई।

