प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी बोलीं- संविधान लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव, अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी करें पालन
उन्नाव। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार को जिला संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिले की प्रभारी मंत्री एवं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने संविधान को देश की आत्मा और लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव बताते हुए उसके मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए रजनी तिवारी ने कहा कि भारतीय संविधान ने जाति, धर्म, वर्ग और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के लंबे चिंतन-मंथन से तैयार संविधान ने देश की विविधता में एकता को मजबूत किया और महिलाओं, गरीबों, वंचितों तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को बराबरी का हक दिया।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल अधिकारों की पुस्तक नहीं, बल्कि कर्तव्यों का बोध कराने वाला मार्गदर्शक भी है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। यही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और युवाओं से संविधान को पढ़ने, समझने तथा उसके मूल्यों को जीवन में अपनाने की अपील की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि संविधान गौरव दिवस हमें उसकी गरिमा बनाए रखने और देश को एकता, अखंडता एवं विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने का संकल्प दिलाता है। संविधान का सम्मान ही लोकतंत्र को निरंतर मजबूत करने का आधार है।
संविधान की भावना घर-घर तक पहुंचाएं
भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसने हर वर्ग, जाति और धर्म के लोगों को समान अधिकार प्रदान किए हैं। उन्होंने संविधान की भावना को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
संगोष्ठी में जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, पुरवा विधायक अनिल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा भगवती प्रसाद रावत, अवध क्षेत्र महामंत्री अवधेश कटियार, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी व राजकिशोर रावत, केडी त्रिवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे।
पूर्व जिलाध्यक्षों के घर पहुंचीं प्रभारी मंत्री
संगोष्ठी से पहले प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभान शंकर दीक्षित और आनंद अवस्थी के आवास पर पहुंचीं। यहां उन्होंने चाय पर चर्चा के दौरान पार्टी पदाधिकारियों से संगठन का फीडबैक भी लिया।