कब्रिस्तान के पास ई-रिक्शा निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद पहुंचा हंगामे तक, पुलिस कार्रवाई पर परिजनों ने उठाए सवाल
समधन, कन्नौज। समधन कस्बे में ई-रिक्शा निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच टकराव में बदल गया। गुरुवार को कालिया नामक व्यक्ति की तलाश में पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी के बाद जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान मारपीट और घरों में तोड़फोड़ किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कब्रिस्तान के पास खुदी खाई से ई-रिक्शा निकालने को लेकर एक महिला और पप्पू डॉक्टर वहीदुद्दीन के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान पप्पू ने महिला के साथ गाली-गलौज की, जिसके बाद कालिया नामक व्यक्ति से भी विवाद हो गया। दोनों पक्षों की ओर से यूपी-112 पर सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उस समय वहां कोई नहीं मिला।
बताया गया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे थाना पुलिस कालिया की तलाश में समधन पहुंची। इसी दौरान दिलशाद उर्फ तौला हाजी ने पुलिसकर्मियों से घरों के पास गाली-गलौज न करने की बात कही। उनका कहना था कि घरों में महिलाएं मौजूद हैं। इसी बात को लेकर पुलिस और दिलशाद के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दिलशाद गिर पड़े। वहीं, जुनैद खान के साथ भी पुलिस की कहासुनी और मारपीट होने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। दिलशाद हाजी के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आसपास के घरों में तलाशी के दौरान घरेलू सामान में तोड़फोड़ की। परिजनों के मुताबिक, पंखे, फ्रिज, वाशिंग मशीन, चूल्हा, सोफा सेट और कांच के सामान को नुकसान पहुंचाया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले ने उस समय एक और मोड़ ले लिया, जब विवाद के बाद नगर पालिका समधन की ओर से दिलशाद हाजी की दुकानों पर अतिक्रमण का नोटिस चस्पा कर दिया गया। नोटिस में संबंधित पक्ष को तीन दिन के भीतर जवाब देने का समय दिया गया है।
फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
