तहसील से निराश दिव्यांग पहुंचा डीएम दरबार, लेखपाल पर लगाए गंभीर आरोप

विपक्षी से मिलीभगत कर खेत में चकमार्ग निकालने का आरोप, कानूनगो ने दिया पुनः जांच का आश्वासन।
सीतापुर। राजस्व कर्मियों की कथित मनमानी और गलत पैमाइश से परेशान एक दिव्यांग किसान ने अब जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार की चौखट पर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। मामला मिश्रिख तहसील के ग्राम ग्रीसवल ग्रन्ट (थाना संदना, परगना कोरौना) का है, जहां चकमार्ग विवाद को लेकर पीड़ित ने हल्का लेखपाल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

क्या है पूरा मामला?
ग्राम ग्रीसवल ग्रन्ट निवासी दिव्यांग बीनू पुत्र स्व. रामसागर ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनके खेत की पूर्व दिशा में स्थित सरकारी चकमार्ग को पड़ोसी रामचन्द्र (पुत्र गुरुचरन) ने अपने खेत में मिला लिया है। आरोप है कि हल्का लेखपाल ने विपक्षी से मिलीभगत कर पीड़ित की अनुपस्थिति में गलत नाप-जोख की और सरकारी चकमार्ग को पीड़ित के ही खेत में निकाल दिया।

“बिना बुलाए कर लिए जाते हैं फर्जी साइन”
पीड़ित बीनू का कहना है कि वह तहसील के चक्कर काटकर थक चुके हैं। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “लेखपाल मौके पर आकर विपक्षियों से मिलकर नाप कर लेते हैं और मुझे बुलाते तक नहीं हैं। मैंने किसी भी कागज पर कोई हस्ताक्षर नहीं किए हैं, लेखपाल फर्जी तरीके से मेरे साइन कर रिपोर्ट लगा देते हैं। अब मेरी पूरी उम्मीद जिलाधिकारी महोदय से है, जिन्होंने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।”

लेखपाल के बदलते बयान और कानूनगो का आश्वासन
इस पूरे मामले में हल्का लेखपाल दिनेश सिंह का रवैया भी सवालों के घेरे में है। पूर्व में बातचीत के दौरान लेखपाल ने खेत में गन्ने की फसल खड़ी होने का हवाला देते हुए फसल कटने के बाद पैमाइश करने की बात कही थी। वहीं, अब उनका बयान पूरी तरह बदल गया है; उनका कहना है कि चकमार्ग की सही पैमाइश की जा चुकी है और शिकायतकर्ता बेवजह परेशान कर रहा है। जब इस संबंध में संबंधित कानूनगो से पूर्व में जारी आदेशों पर हुई कार्रवाई को लेकर सवाल किया गया, तो पहले उन्होंने चुप्पी साधे रखी। हालांकि, बाद में उन्होंने आश्वासन दिया कि वे कल अपनी पूरी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पुनः जांच करेंगे और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने का प्रयास करेंगे।

महीनों से जमीनी न्याय का इंतजार
गौरतलब है कि इससे पूर्व 18 अगस्त 2026 को भी पीड़ित ने एसडीएम मिश्रिख को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की थी। उस समय तहसीलदार ने जांच के निर्देश भी दिए थे, लेकिन मामला महज फाइलों में ही उलझा रहा। अब देखना यह होगा कि जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार के हस्तक्षेप के बाद दिव्यांग पीड़ित को जमीनी स्तर पर न्याय मिल पाता है या कार्रवाई एक बार फिर कागजों तक ही सीमित रह जाती है।

Hot this week

अनाथ बिटिया खुशी की मदद को पहुंचे समाजसेवी दयाराम निषाद

10 वर्षीय खुशी को गर्म कपड़े और आर्थिक सहयोग...

राधेश्याम पहलवान मिरगहनी ने हमीरपुर केसरी हुकुम पहलवान को चित कर जीती शील्ड

पूर्व विधायक दलजीत सिंह व जिला पंचायत सदस्य के...

एडीओ पंचायत की निष्क्रियता से खैराबाद में विकास योजनाएं बेपटरी, सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप

बनेहटा में बंद पड़ा सामुदायिक शौचालय, हैंडपंप में समर्सिबल...

Related Articles