10 वर्षीय खुशी को गर्म कपड़े और आर्थिक सहयोग देकर दिया सहारा, जिला प्रशासन से मदद की अपील
बांदा। जसपुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत झंझरीपुरवा निवासी अनाथ बिटिया खुशी की पीड़ा सुनकर समाजसेवी दयाराम निषाद अपने साथी पत्रकार अंशू गुप्ता के साथ उसके घर पहुंचे। उन्होंने बिटिया को ठंड से बचाने के लिए स्वेटर एवं शॉल सहित गर्म कपड़े और यथासंभव आर्थिक सहयोग प्रदान किया। साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
समाजसेवी दयाराम निषाद ने बताया कि खुशी के माता-पिता का साया उठ जाने की खबर सुनकर मन बेहद भावुक हो गया। उन्होंने कहा कि बिटिया अकेली नहीं है, हमसे जितना संभव होगा, उसकी मदद के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। खुशी के चेहरे पर मुस्कान बनी रहे और उसका भविष्य उज्ज्वल हो, यही हमारा प्रयास है। आगे भी हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।
पत्रकार अंशू गुप्ता ने बताया कि खुशी की उम्र करीब 10 वर्ष है। अभी तक उसका स्कूल में दाखिला नहीं हुआ है और न ही आधार कार्ड बना है। बिटिया को किसी प्रकार की सरकारी सहायता भी नहीं मिल रही है। उसके घर में बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। ऐसे में खुशी को शिक्षा और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने के लिए सहायता की आवश्यकता है।
समाजसेवी दयाराम निषाद ने खुशी को आर्थिक मदद और गर्म कपड़ों की व्यवस्था कर उसके जीवन में सहारा देने का प्रयास किया।
जिला प्रशासन से मदद की अपील
समाजसेवी दयाराम निषाद एवं पत्रकार अंशू गुप्ता ने बांदा जिला प्रशासन से अपील की है कि अनाथ बिटिया खुशी की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उसकी शिक्षा, आधार कार्ड बनवाने, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा घर में बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि बिटिया का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल हो सके।

