नवाबगंज, उन्नाव। कस्बा स्थित सीएचसी का शनिवार दोपहर एसीएमओ डॉ. जेआर सिंह ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, फार्मेसी, महिला वार्ड और स्टोर रूम समेत परिसर की व्यवस्थाएं परखीं। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एसीएमओ ने कहा कि कुत्ते के काटने पर मरीज के घाव को इमरजेंसी वार्ड में अच्छी तरह धुलवाने के बाद एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) लगाई जाए। जरूरत पड़ने पर घाव में रैबीज इम्युनोग्लोबुलिन (आरआईजी) भी लगाया जाए। उन्होंने फार्मेसी और स्टोर में एंटी रैबीज वैक्सीन, एंटी सीरम समेत अन्य दवाओं की उपलब्धता भी देखी।
डॉ. जेआर सिंह ने बताया कि प्रसव के बाद महिला लाभार्थियों को सीएचसी से डिस्चार्ज करने से पहले जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य कर्मियों को 90 प्रतिशत लाभार्थियों का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान डॉ. अनुज सिंह, बीपीएम मलखान सिंह, फार्मासिस्ट प्रदीप कुमार समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
