अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे सैकड़ों युवाओं ने लिया हिस्सा, पूर्व सैनिकों ने बताए सेना में भर्ती के गुर
उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के बीघापुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत दलपत खेड़ा में शनिवार को आयोजित आर्मी रनिंग प्रतियोगिता में सैकड़ों युवाओं ने दमखम दिखाया। सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने के जज्बे से ओतप्रोत युवाओं ने 1600 और 400 मीटर की दौड़ में हिस्सा लेकर अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। सुबह 6:30 बजे से ही गांव का मैदान देशभक्ति के नारों और युवाओं के उत्साह से गूंज उठा।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को अपनी शारीरिक दक्षता परखने और प्रतियोगी माहौल में अभ्यास का अवसर उपलब्ध कराना था। अग्निवीर भर्ती के निर्धारित मानकों के अनुरूप 1600 मीटर दौड़ और 400 मीटर ओपन दौड़ कराई गई। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे जोश और दमखम के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए नकद पुरस्कार भी रखे गए थे। 1600 मीटर और 400 मीटर ओपन दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को 700 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वालों को 500 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 300 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान भाजपा नेता अविचल शुक्ला की अनुपस्थिति में उनकी कोर कमेटी के सक्रिय सदस्य आशीष द्विवेदी ने कार्यक्रम में पहुंचकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। पूर्व सैनिक पंकज सिंह और पुत्तन सिंह चौहान ने भी युवाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने सेना भर्ती की बारीकियों, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और संतुलित खान-पान के महत्व की जानकारी दी।
पूर्व सैनिक पंकज सिंह ने कहा कि दलपत खेड़ा के नौजवानों में सेना में जाने का जज्बा ही भारत की असली ताकत है। देश की रक्षा के लिए सीमा पर खड़ा जवान हमारे संकल्प और सम्मान का सबसे बड़ा रक्षक है।
कार्यक्रम में श्यामू सिंह, मनोज सिंह, शिवम सिंह, विकास सिंह, शिवा सिंह, अंकुल सिंह (देसी सस्ता ब्लॉगर्स), राम सिंह और दीपू निर्मल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में आशीष द्विवेदी, राम नरेश लोधी, राम सिंह, अनुराग पांडेय (भोले) और अवधेश तिवारी का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता का आयोजन दलपत खेड़ा के समस्त ग्रामवासियों की ओर से किया गया। अंत में आयोजकों ने अतिथियों, सहयोगियों और विजेता धावकों का आभार व्यक्त किया।