Home उत्तर प्रदेश बांदा बाल वाटिका नया डेरा में शिक्षा के मंदिर पर शराबियों का कब्जा!

बाल वाटिका नया डेरा में शिक्षा के मंदिर पर शराबियों का कब्जा!

0

विद्यालय परिसर में शराब पीकर फेंकी जा रहीं कांच की बोतलें, विरोध करने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अभद्रता के आरोप
जंगल से सटे केंद्र में जहरीले कीड़ों का खतरा, बच्चों को सड़क पार कर पहुंचना पड़ता है विद्यालय

अंशू गुप्ता
बांदा। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालयों में नौनिहालों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के दावे जसपुरा में सवालों के घेरे में हैं। जसपुरा विकासखंड कार्यालय के पीछे स्थित बाल वाटिका नया डेरा में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय परिसर को कुछ अराजक तत्वों ने शराब पीने का अड्डा बना लिया है। आए दिन परिसर में शराब पीने के बाद कांच की बोतलें तोड़कर फेंक दी जाती हैं, जिससे छोटे-छोटे बच्चों के चोटिल होने का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के अनुसार, कुछ लोग आए दिन विद्यालय परिसर में बैठकर शराब का सेवन करते हैं। जब आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं उन्हें ऐसा करने से रोकती हैं तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने की बात कहती हैं, तो उनके साथ अभद्रता की जाती है। इससे केंद्र में काम करने वाली महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्राथमिक विद्यालय हटाकर बना दिया गया आंगनबाड़ी केंद्र
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बताया कि पहले यहां कक्षा एक से पांच तक प्राथमिक विद्यालय संचालित होता था, जिसे हटाकर अब केवल आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किया जा रहा है। उनका कहना है कि केंद्र जंगल से सटा हुआ है और छोटे-छोटे बच्चों को सड़क पार करके विद्यालय तक लाना पड़ता है। ऐसे में हर समय किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

जहरीले कीड़ों का खतरा, चारों तरफ बाउंड्रीवाल भी नहीं
कार्यकत्रियों के मुताबिक, विद्यालय परिसर में आए दिन जहरीले कीड़े दिखाई देते हैं। केंद्र के चारों तरफ पर्याप्त बाउंड्रीवाल नहीं होने और बगल में जंगल होने के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। इसके अलावा परिसर में शराब की बोतलें फेंके जाने से बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।

केंद्र दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि बाल वाटिका नया डेरा केंद्र को जल्द से जल्द किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिल सके। साथ ही विद्यालय परिसर में शराब पीने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

अब सवाल यह है कि नौनिहालों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले पर शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग और स्थानीय पुलिस कब संज्ञान लेंगे? क्या किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद खुलेगी?

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version