अपराधियों पर कार्रवाई से साइबर सुरक्षा तक बढ़े गोंडा पुलिस के कदम
गोंडा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के कार्यकाल के दौरान गोंडा पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर की गई कार्रवाई का पुलिस ने आंकड़ों के साथ ब्यौरा जारी किया है। पुलिस के अनुसार महत्वपूर्ण त्योहारों, लोकसभा चुनाव-2024 और विभिन्न आयोजनों को भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर एक्ट के तहत 63 मुकदमों में 269 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और अपराध से अर्जित करीब 2.98 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वहीं बीएनएसएस की धारा 107(1) के तहत 6.52 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क/जब्त की गई। 167 नए अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई और 528 आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी के चलते 2,116 मामलों में 4,216 आरोपियों को सजा कराई गई। इनमें 113 को आजीवन कारावास, 201 को 10 वर्ष से अधिक और 2,019 आरोपियों को 10 वर्ष से कम की सजा हुई। एक मामले में न्यायालय ने मृत्युदंड भी सुनाया।पुलिस के अनुसार 36 मुठभेड़ों में 83 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिनमें 40 गोली लगने से घायल हुए, जबकि एक दुर्दांत आरोपी मुठभेड़ में मारा गया।
साइबर अपराध पर भी कार्रवाई
साइबर अपराध के मामलों में 113 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। साइबर ठगी के पीड़ितों की 2.50 करोड़ रुपये की धनराशि वापस कराई गई, जबकि 6.50 करोड़ रुपये से अधिक की रकम फ्रीज कराई गई। ऑपरेशन मुस्कान के तहत 97 गुमशुदा/अपहृत लोगों को बरामद किया गया और 628 खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए।साइबर जागरूकता अभियान के तहत 800 कार्यशालाएं और गोष्ठियां आयोजित कर करीब 1.08 लाख साइबर वालंटियर बनाए गए।
पुलिस लाइन में बढ़ीं सुविधाएं
पुलिस के अनुसार रिजर्व पुलिस लाइन में आधुनिक लाइब्रेरी, जिम, आदर्श बैरक-मेस, वातानुकूलित क्रेच, पुलिस कैफे, बहुउद्देशीय हॉल, चिल्ड्रेन पार्क और खेल मैदान जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। 7 मई 2026 को पुलिस लाइन को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र भी प्राप्त हुआ।
