Home उत्तर प्रदेश उन्नाव क्या सत्ता की पहुंच बन गई भू-माफिया का सुरक्षा कवच?

क्या सत्ता की पहुंच बन गई भू-माफिया का सुरक्षा कवच?

0

हसनगंज में गरीब की जमीन पर कब्जे के आरोप से गरमाया मामला
उन्नाव। प्रदेश को भूमि माफियाओं के चंगुल से बचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाया गया बुलडोजर अभियान सपा व अन्य राजनीतिक दलों के भू माफियाओं तक ही सीमित कर रह गया है। वास्तविकता यह है कि भाजपा के अपने ही घर के लोग असहाय और गरीबों की जमीन मैं धोखाधड़ी कर उनकी जमीन ने हथियाना पर तुले हुए हैं। इसका एक जीता जागता उदाहरण जनपद की हसनगंज तहसील में देखने को मिला।
हसनगंज तहसील क्षेत्र के बजेहरा गांव के मजरा हिनौरा निवासिनी माया देवी पत्नी स्वर्गीय श्री कृष्णा पुत्र मैकू ने पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि पति की मौत के बाद विरासत करने हसनगंज गई थी वहां नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष दिलीप लश्करी ने उसके साथ धोखाधड़ी कर जमीन को नवाबगंज कस्बे के ही दिव्य प्रकाश पुत्र ओमप्रकाश के नाम कथित तौर पर बैनामा कर लिया मामले को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी को सौपी है।

भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की निष्पक्षता पर सवाल…….
विपक्षी दलों से जुड़े लोगों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सरकार की सख्ती चर्चा में रहती है। लेकिन यदि सत्तारूढ़ दल से जुड़े प्रभावशाली लोगों पर ही गरीबों की जमीन हड़पने के आरोप लगें तो प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। विधवा के आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी या मामला कागजी कार्रवाई तक सिमटकर रह जाएगा। जांच में कथित बैनामे की परिस्थितियों, दस्तावेजों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल से ही पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल, पुलिस अधीक्षक ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी को सौंपी है। अब देखना यह है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़िता को न्याय मिल पाता है या नहीं।

एसपी तक पहुंची फरियाद, नोटिस जारी हुआ, लेकिन कहां तक पहुंची कार्यवाई…….
पीड़िता ने 19 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक उन्नाव के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कार्यालय से 24 नवंबर को सुबह 10 बजे साक्ष्यों के साथ उपस्थित होकर बयान दर्ज कराने का नोटिस जारी किया गया लेकिन नोटिस जारी होने के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ी, यह अब भी महत्वपूर्ण सवाल है। क्या नामित लोगों से पूछताछ हुई? क्या बैनामे के गवाहों के बयान दर्ज किए गए? क्या चेक और संबंधित बैंक खातों की पड़ताल शुरू हुई? क्या दस्तावेज तैयार कराने वालों की भूमिका जांच के दायरे में आई और सबसे अहम, क्या प्राथमिकी दर्ज की गई। उपलब्ध दस्तावेजों से इन कार्रवाईयों की पुष्टि नहीं हो पा रही है। ऐसे में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस की अगली कार्रवाई को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

राजनीतिक पहचान के चलते निष्पक्ष जांच की चुनौती….
नवाबगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष दिलीप लश्करी का भाजपा से जुड़ा राजनीतिक चेहरा हैं। ऐसे में मामले की जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है। आरोपों की सच्चाई जांच और न्यायिक प्रक्रिया से ही तय होगी। लेकिन शिकायतकर्ता को न्याय के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ें तो व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल उठना लाजिमी है।

पुलिस प्रशासन से जनता के सीधे सवाल……
पीड़िता की 19 नवंबर की शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई। क्या मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।
बैनामे में दर्ज 12 लाख रुपये के भुगतान की बैंकिंग जांच हुई या नहीं।बैनामे के गवाहों और दस्तावेज तैयार कराने वालों से पूछताछ की गई। नामित पक्ष को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया क्या निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जांच किसी स्वतंत्र अधिकारी को सौंपी जाएगी।

अब कार्रवाई से मिलेगा जवाब, आश्वासन से नहीं……
यह मामला केवल एक विधवा और उसकी जमीन तक सीमित नहीं है। इसमें कथित रूप से दस्तावेजों के दुरुपयोग, अंगूठा लगवाने और भुगतान में अनियमितता के गंभीर आरोप हैं। इनकी जांच में देरी या अस्पष्टता पीड़िता के भरोसे को प्रभावित कर सकती है।
अब निगाहें उन्नाव पुलिस प्रशासन पर हैं। क्या पुलिस बैनामे के दस्तावेजों, चेक और बैंक खातों की निष्पक्ष पड़ताल कर सच्चाई सामने लाएगी। क्या राजनीतिक पहचान से इतर कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी या फिर पीड़िता की फरियाद नोटिस और तारीखों के बीच ही उलझी रहेगी। फिलहाल विधवा को आश्वासन नहीं, अपनी शिकायत पर निष्पक्ष जांच और न्याय का इंतजार है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version