Home उत्तर प्रदेश कन्नौज शिक्षा और सामाजिक सुधार का पैगाम देकर संपन्न हुआ 27वां सालाना जलसा

शिक्षा और सामाजिक सुधार का पैगाम देकर संपन्न हुआ 27वां सालाना जलसा

0

रसूले आजम कॉन्फ्रेंस में देशभर के उलेमा व मशाइख ने की शिरकत, 11 छात्रों और 9 छात्राओं की हुई दस्तारबंदी
छिबरामऊ कन्नौज। नगर के आवास विकास स्थित मदरसा दारुल उलूम गौसिया का 27वां सालाना जलसा एवं रसूले आजम कॉन्फ्रेंस शनिवार को पूरी शानो-शौकत के साथ संपन्न हुआ। जलसे में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए उलेमा, मशाइख, इस्लामिक विद्वानों और शायरों के अलावा बड़ी तादाद में अकीदतमंदों ने शिरकत की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मध्य प्रदेश के सिंगरौली से आए हजरत मौलाना सैय्यद आदिल मियां और इलाहाबाद से तशरीफ लाए मुफ्ती गुलाम रब्बानी साहब ने खिताब किया। मौलाना सैय्यद आदिल मियां ने अपनी तकरीर में दीनी तालीम के साथ आधुनिक शिक्षा की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने नौजवानों को जुआ, शराब जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अच्छे अखलाक अपनाने और समाज व मुल्क की तरक्की में अपना किरदार अदा करने की नसीहत दी। वहीं मुफ्ती गुलाम रब्बानी ने युवाओं को तालीम, अनुशासन और अच्छे चरित्र की अहमियत समझाते हुए सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय बर्बाद करने के बजाय अपने भविष्य और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने की बात कही।
जलसे की सदारत बिलग्राम शरीफ से आए हजरत सैय्यद उवैस मुस्तफा वास्ती जैदी ने की, जबकि सरपरस्ती हजरत मौलाना मुस्तकीम अहमद कादरी ने फरमाई। इस दौरान शायरे इस्लाम अहमद रजा नूरी मियां (मुंबई) और अहमद उल फत्ताह (अयोध्या) ने अपने कलाम पेश कर समां बांधा। कार्यक्रम का संचालन मौलाना इजराइल मसऊदी कानपुर ने किया।
इस मौके पर पीरे तरीकत हजरत मौलाना सैय्यद अनस हुसैन वास्ती जैदी, बिलग्राम शरीफ तथा हजरत तालिब मियां साहब सहित अनेक शैख व मशाइख मंच पर मौजूद रहे। इसके अलावा मौलाना मुस्तकीम अली, मौलाना शाहिद, मौलाना राशिद, मौलाना गौस मुहम्मद, हाफिज अहसन, हाफिज अब्दुल मुजीब, मौलाना फैजान, कारी अहसान और कारी फैजनबी समेत बड़ी संख्या में उलेमा ने शिरकत की।

11 छात्र और 9 छात्राओं की दस्तारबंदी
जलसे के दौरान दस्तारबंदी समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें 11 छात्रों को काजी-ए-शरा जिला हरदोई एवं मुख्य अतिथि हजरत सैय्यद उवैस मुस्तफा वास्ती तथा काजी-ए-शरा जिला कन्नौज हजरत सैय्यद अनस हुसैन वास्ती ने दस्तार बांधकर सम्मानित किया। वहीं दिन में आयोजित ख्वातीन-ए-इस्लाम के विशेष कार्यक्रम में 9 छात्राओं की दस्तारबंदी हजरत मौलाना मुस्तकीम अहमद कादरी की जौजा के द्वारा की गई।

अवाम की खिदमत में प्रयासरत है मदरसा गौसिया
मदरसे के प्रधानाचार्य कारी शमसुल कमर ने कहा कि मदरसा दारुल उलूम गौसिया तालीम और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार अवाम की खिदमत के लिए प्रयासरत है। उन्होंने जलसे को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पत्रकारों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों और सभी सहयोगियों का शुक्रिया अदा किया। कार्यक्रम के जलसा प्रभारी मौलाना अजमल खां रहे, जबकि मीडिया प्रभारी जैनुल खां ने मीडिया व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। अंत में मुल्क और समाज की सलामती की दुआ के साथ 27वें सालाना जलसे का समापन हुआ।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version