उन्नाव। असोहा विकास क्षेत्र के मनिकापुर गांव में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत को संबोधित करते हुए सपा नेता पवन मिश्र ने कहा कि पीडीए सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने का संकल्प लेता है। इसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों का उत्थान और सबको साथ लेकर चलना है।
पवन मिश्र ने कहा कि पीडीए के माध्यम से किसानों, नौजवानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, अगड़ों और पिछड़ों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी वर्गों से किए गए वादों को पूरा किया जाएगा। जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी के विकास के लिए काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और अधिकार दिलाना पीडीए की प्राथमिकता है। पंचायत में उपस्थित लोगों से सामाजिक न्याय और सर्वसमाज के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
इस दौरान राजेंद्र लोधी, सीएल यादव, विवेक शुक्ल, संतोष बाजपेई, विकास, रोहित, रामप्रसाद, निशार खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
