चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, उत्कृष्ट योगदान पर शिक्षकों और प्रतिभागियों को मिला सम्मान
गोंडा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पॉक्सो कानून को लेकर चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत पीएम श्री फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से बाल सुरक्षा और पॉक्सो कानून के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंकिता सिंह ने प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

अभियान में सहयोग और सक्रिय सहभागिता के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार पांडेय, डिफेंस काउंसिल बृज लाल तिवारी, प्राध्यापक ऋषि शुक्ला और सेवानिवृत्त अध्यापक राजवर्धन श्रीवास्तव समेत विद्यालय के अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी देना जागरूकता अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंकिता सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक रामचंद्र ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यार्थियों ने बाल सुरक्षा और पॉक्सो कानून के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी और पैरा लीगल वालंटियर्स मौजूद रहे।


