Home उत्तर प्रदेश उन्नाव जेवरों के विवाद में बिना दुल्हन लौटी बारात

जेवरों के विवाद में बिना दुल्हन लौटी बारात

0

भांवर से पहले आर्टिफिशियल जेवर दिखाने पर बिगड़ी बात, दूल्हे समेत रिश्तेदार गेस्ट हाउस से चले गए; लड़की पक्ष ने पांच लाख के नुकसान का लगाया आरोप
नवाबगंज, उन्नाव। अजगैन क्षेत्र के एतबारपुर गांव में बुधवार रात शादी समारोह के दौरान जेवरों को लेकर हुए विवाद के बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई। जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद भांवर की तैयारी चल रही थी, तभी दूल्हन पक्ष को दिखाए गए जेवरों के आर्टिफिशियल होने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दूल्हा और उसके रिश्तेदार गेस्ट हाउस से चले गए। लड़की पक्ष ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एतबारपुर गांव निवासी एक किसान की बेटी की शादी बुधवार को अजगैन कस्बे के एक गेस्ट हाउस में तय थी। बारात दही थाना क्षेत्र के जमुनवा गांव से आई थी। रात करीब आठ बजे बारात गेस्ट हाउस पहुंची। स्वागत-सत्कार के बाद जयमाल की रस्म भी पूरी हो गई।
लड़की के पिता ने बताया कि दूल्हा रेलवे विभाग में नौकरी करता है। तिलक में चार पहिया वाहन देने की बात हुई थी, जिसमें आधा पैसा लड़के पक्ष को देना था। हालांकि, लड़के पक्ष ने अपने दरवाजे पर तिलक चढ़वाने से मना कर दिया था। इसके बाद बारात में ही तिलक चढ़ाया गया और गाड़ी लड़के पक्ष की ओर से लाई गई।
पिता के मुताबिक, बारात में करीब 300 लोगों के आने की बात हुई थी। इसी हिसाब से खाने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन बारात में महज 25 लोग ही पहुंचे। इसके बावजूद लड़की पक्ष शादी संपन्न कराने के लिए तैयार था। आरोप है कि दूल्हा बारात आने के समय नशे में था।
बृहस्पतिवार सुबह भांवर की तैयारी शुरू हुई तो लड़के पक्ष की ओर से जेवर दिखाए गए। लड़की पक्ष का आरोप है कि सोने-चांदी के बजाय आर्टिफिशियल जेवर दिखाए गए, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही दूल्हा और उसके रिश्तेदार गेस्ट हाउस से चले गए। शादी नहीं होने से लड़की पक्ष ने करीब पांच लाख रुपये का आर्थिक नुकसान होने की बात कही है।
अजगैन कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version