Home उत्तर प्रदेश उन्नाव मेहंदी की रस्म में सांप ने डसा, युवक की मौत

मेहंदी की रस्म में सांप ने डसा, युवक की मौत

0

सांप को पकड़कर बाहर फेंकने के दौरान हुआ हादसा, सुबह बिगड़ी हालत; लखनऊ के निजी मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
नवाबगंज, उन्नाव। अजगैन कस्बे में बुधवार रात एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान सांप के डसने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मेहंदी की रस्म के दौरान निकले सांप को युवक पकड़कर बाहर फेंकने का प्रयास कर रहा था, तभी सांप ने उसे डस लिया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन बृहस्पतिवार सुबह लखनऊ के एक निजी मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले आए।
अजगैन कस्बे में बुधवार रात एक घर में लड़के की मेहंदी की रस्म चल रही थी। डीजे की धुन पर लोग नाच-गा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अर्जुन (32) पुत्र रामू कश्यप नशे की हालत में कार्यक्रम में पहुंचा और डांस करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल के पास अचानक एक सांप निकल आया। अर्जुन ने साहस दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया और बाहर फेंकने लगा। इसी बीच सांप ने उसे डस लिया।
सांप के काटने की जानकारी मिलते ही परिजन अर्जुन को आनन-फानन सीएचसी ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन परिजन उसे घर ले आए। बृहस्पतिवार सुबह अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन गंभीर अवस्था में उसे लखनऊ के बंथरा क्षेत्र स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए गांव ले आए।
अविवाहित अर्जुन चार बहनों और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह लंबे समय तक लखनऊ में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। बीते करीब छह महीनों से गांव में ही रह रहा था। उसकी मौत से मां गीता सहित पूरे परिवार में कोहराम मचा है।
अजगैन कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि परिजन लखनऊ के अस्पताल से पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव घर ले आए हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version