भाई दूज पर टीएसआई अरशद अली की तत्परता से सुरक्षित मिला चार वर्षीय शिवांश, यातायात पुलिस की आमजन ने की सराहना
कन्नौज। भाई दूज के त्योहार पर जहां यातायात पुलिस सड़कों पर व्यवस्था संभालने में मुस्तैद रही, वहीं पुलिसकर्मियों ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल भी पेश की। बुधवार को सराय मीरा बस स्टॉप पर परिजनों से बिछड़े करीब चार वर्षीय मासूम बच्चे को यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल उसकी मां से मिलवा दिया।
पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात शिल्पा वर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात रविशंकर त्रिपाठी, टीएसआई अरशद अली और टीएसआई राम प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ सुबह से ही सराय मीरा बस स्टॉप पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुटे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1:05 बजे एक ऑटो चालक लगभग चार वर्षीय शिवांश को लेकर यातायात पुलिस के पास पहुंचा। उसने बताया कि बच्चा अपने परिजनों से बिछड़कर सड़क पर अकेले रोते हुए उन्हें तलाश रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही टीएसआई अरशद अली ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके साथ ही रोडवेज बस स्टॉप और रेलवे स्टेशन पर अनाउंसमेंट कराया गया तथा आसपास के दुकानदारों को भी बच्चे के संबंध में जानकारी दी गई। यातायात पुलिस के प्रयासों के कुछ ही देर बाद बच्चे की मां गंगोत्री पत्नी शिवम निवासी आगेनपुर, कायमगंज, फर्रुखाबाद मौके पर पहुंचीं। अपने मासूम बेटे को देखते ही मां ने उसे गले से लगा लिया। बच्चे को सकुशल पाकर मां की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने यातायात पुलिस का आभार जताया।
यातायात पुलिस की इस मानवीय पहल की आमजन ने भी जमकर सराहना की। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व टीएसआई अरशद अली ने फर्रुखाबाद से पीईटी परीक्षा देने आई एक छात्रा को समय रहते उमर्दा परीक्षा केंद्र पहुंचाने में मदद की थी, जिससे उसकी परीक्षा छूटने से बच गई थी। एक बार फिर उनकी तत्परता और संवेदनशीलता लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
यातायात पुलिस ने बिछड़े मासूम को परिजनों से मिलाया, मां की आंखों में छलके खुशी के आंसू



