शाहजहांपुर डिपो की बसों के संचालन पर उठे सवाल
मथुरा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के शाहजहांपुर डिपो की बसों का संचालन मथुरा से गौरीफंटा के लिए किया जाता है। इन बसों में सफर करने वाले यात्रियों को टिकट के निर्धारित किराये से अतिरिक्त रुपये देने पड़ने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि बसों के कुछ परिचालक यात्रियों से अधिक किराया वसूलने के साथ सामान को प्राथमिकता देते हैं।
जानकारी के अनुसार, जो यात्री टिकट के निर्धारित किराये से अतिरिक्त रुपये देने से मना कर देते हैं, उन्हें बस में बैठाने से इनकार कर दिया जाता है। वहीं, सामान को बस में रखने और ले जाने को प्राथमिकता दी जाती है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि मार्ग पर बसों की जांच करने वाले यातायात निरीक्षकों की नजर इस व्यवस्था पर क्यों नहीं पड़ रही है। बसों की नियमित चेकिंग के दौरान यात्रियों से लिए जा रहे किराये और टिकटों की जांच की जाती है या नहीं, यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है। क्या शाहजहांपुर डिपो के अधिकारियों को अपने डिपो की बसों में चल रही इस व्यवस्था की जानकारी नहीं है।
इसके अलावा, मथुरा के पुराने बस स्टैंड पर शाहजहांपुर डिपो के कुछ चालक-परिचालकों के शराब का सेवन करने की बात भी सामने आ रही है। यदि नशे की हालत में चालक बस का संचालन करते हैं तो यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है और कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
पुराने बस स्टैंड पर परिवहन निगम के कर्मचारी भी मौजूद रहते हैं। ऐसे में यह सवाल उठता है कि यदि इस तरह की गतिविधियां उनके सामने होती हैं तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंचाई जाती। यात्रियों की सुरक्षा, निर्धारित किराये पर यात्रा और परिवहन निगम की जवाबदेही को लेकर शाहजहांपुर डिपो की बसों का संचालन चर्चा में है।
