Home उत्तर प्रदेश उन्नाव भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दिलीप लश्करी पर विधवा से...

भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दिलीप लश्करी पर विधवा से धोखाधड़ी का आरोप, अंगूठा लगवाकर कराया करोड़ों की जमीन का बैनामा

0

सत्ता-संगठन में रसूख, जमीन के सौदे पर गंभीर आरोप, भाजपा नेता के खिलाफ एसपी से शिकायत
उन्नाव। पति की मौत के बाद विरासत में मिली जमीन का नामांतरण कराने तहसील पहुंची एक विधवा महिला कथित तौर पर ठगी का शिकार हो गई। आरोप है कि तहसील परिसर के बाहर मिले एक व्यक्ति ने मदद का भरोसा देकर उससे आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र ले लिया। इसके बाद कागजात तैयार कराने के नाम पर अंगूठा लगवा लिया और कथित तौर पर उसकी करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की जमीन महज 12 लाख रुपये के बैनामे में दूसरे व्यक्ति के नाम करा दी। महिला का दावा है कि उसे जमीन के बदले एक रुपया भी नहीं मिला।
मामला हसनगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम बजेहरा के मजरा हिनौरा, परगना गोरिंदा की भूमि से जुड़ा है। ग्राम हिनौरा निवासी माया पत्नी श्रीकृष्ण ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक उन्नाव को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
आरोप है कि माया के पति श्रीकृष्ण की कुछ अरसा पहले मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वह पति की विरासत में मिली भूमि अपने नाम दर्ज कराने के लिए दिसंबर 2024 में हसनगंज तहसील पहुंची थीं। इसी दौरान तहसील परिसर के बाहर उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई। महिला का आरोप है कि उसने अपना नाम दिलीप लश्करी बताया और खुद को नवाबगंज का चेयरमैन बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह उनका पूरा काम करा देगा।
आरोप है कि महिला उसकी बातों में आ गई और उसे अपना आधार कार्ड व मतदाता पहचान पत्र दे दिया। इसके बाद वह व्यक्ति कथित तौर पर महिला को कचहरी ले गया। जहां वकील से कुछ कागजात तैयार कराकर उसके अंगूठे का निशान लगवा लिया गया। महिला को बताया गया कि उसका काम हो जाएगा।
पीड़िता ने बताया कि वह कई बार नवाबगज नगर पंचायत अध्यक्ष दिलीप लश्करी से मिलने नवाबगंज गईं। हर बार उन्हें कुछ दिन इंतजार करने की बात कहकर टाल दिया गया। इसी बीच जानकारी मिली कि उनकी जमीन किसी दूसरे व्यक्ति के नाम बैनामा कर दी गई है।
महिला के मुताबिक अधिवक्ता से जानकारी कराने पर पता चला कि दिलीप लश्करी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कथित रूप से धोखाधड़ी की और उनकी जमीन दिव्य प्रकाश पुत्र ओम प्रकाश, निवासी इलाहाबाद बैंक वाली गली, नवाबगज, थाना अजगैन, जनपद उन्नाव के नाम बैनामा करा दी।
शिकायत में सबसे गंभीर आरोप बैनामे में दर्शाई गई धनराशि को लेकर है। माया का कहना है कि बैनामे में जमीन की कीमत 12 लाख रुपये दिखाई गई है और विभिन्न चेकों के माध्यम से भुगतान किए जाने का उल्लेख है, लेकिन उन्हें कोई रकम नहीं मिली।
पीड़िता ने अपनी जमीन की मौजूदा कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है। उनका आरोप है कि इस तरह कथित रूप से बिना वास्तविक भुगतान किए उनकी बेशकीमती जमीन का बैनामा करा दिया गया। शिकायत के साथ बैंक स्टेटमेंट और बैनामे की छायाप्रति संलग्न किए जाने का भी उल्लेख है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब इस शिकायत के आधार पर पुलिस की जांच और दस्तावेजों की पड़ताल अहम होगी।मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर महिला की सहमति और वास्तविक भुगतान के बिना बैनामा कराया गया, तो दस्तावेजों में 12 लाख रुपये के भुगतान का उल्लेख कैसे हुआ? जिन चेकों से भुगतान दिखाया गया, उनकी वास्तविक स्थिति क्या है? महिला के पहचान पत्र लेकर अंगूठा लगवाने के पीछे क्या मंशा थी? और क्या इस कथित जमीन के खेल में अन्य लोग भी शामिल हैं। फिलहाल यह सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। शिकायत में नामजद लोगों का पक्ष भी सामने आना महत्वपूर्ण होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version