बनेहटा में बंद पड़ा सामुदायिक शौचालय, हैंडपंप में समर्सिबल लगाने के नाम पर 19 हजार का भुगतान, इंटरलॉकिंग निर्माण में भी बिना काम लाखों रुपये निकालने का आरोप
खैराबाद सीतापुर। विकासखंड खैराबाद में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) की कथित लापरवाही और उदासीन कार्यशैली के चलते पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित प्रमुख विकास योजनाएं पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही योजनाओं के ठप पड़ने से स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में गहरा रोष व्याप्त है।
सफाई व्यवस्था और आरआरसी सेंटरों की बदहाली
ब्लॉक की अधिकांश ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत लाखों रुपये की लागत से निर्मित रिसोर्स रिकवरी सेंटर (RRC) अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। नियमित निगरानी के अभाव में इन केंद्रों पर न तो कचरा निस्तारण की प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है और न ही ई-रिक्शा का संचालन हो रहा है। कई गांवों में सफाई कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर प्रणाली से भटक चुकी है, जिसके कारण मुख्य मार्गों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद ब्लॉक स्तर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सामुदायिक शौचालयों पर लटके ताले
गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाए रखने के लिए बनवाए गए सामुदायिक शौचालयों की स्थिति भी अत्यंत दयनीय है। कई ग्राम पंचायतों में ये शौचालय निर्माण के बाद से ही बंद पड़े हैं या उनमें पानी व बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं है। देखरेख के अभाव में इनकी इमारतें जर्जर होने लगी हैं, जबकि कागजों पर इनके रखरखाव और केयरटेकर के मानदेय का भुगतान नियमित रूप से दर्शाया जा रहा है।
पंचायत भवनों में सन्नाटा और भटकते ग्रामीण
ग्रामीणों को गांव में ही जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय-जाति प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की नकल जैसी सुविधाएं देने के लिए बने पंचायत सचिवालय निष्क्रिय साबित हो रहे हैं। पंचायत सहायकों और ग्राम पंचायत अधिकारियों के समय पर न बैठने से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। समीक्षा बैठकों में औपचारिकता निभाने के कारण जमीनी हकीकत से अधिकारियों का सरोकार खत्म होता दिख रहा है।
विकास कार्यों में शिथिलता और विपक्ष का हमला
ग्राम पंचायतों में राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग की धनराशि से होने वाले इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण और पेयजल संबंधी कार्य भी धीमी गति से चल रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय स्तर पर विपक्षी दलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि एडीओ पंचायत की ढिलाई के कारण शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
ग्रामीणों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जिलाधिकारी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी से मांग की है कि खैराबाद ब्लॉक में संचालित पंचायती राज योजनाओं की स्थलीय जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि रुके हुए विकास कार्यों को पुनः गति मिल सके। जब उक्त प्रकरण में एडीओ पंचायत ओमेंद्र पाल सिंह से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि शिकायत हुई है तो जांच कर कार्यवाही की जाएगी वही तीन माह से सफाई कर्मचारी के न जाने पर बताया कि ऐसा कोई मामला मेरी जानकारी में नही है कि सफाई कर्मचारी न जा रहा है अब ऐसे में सवाल यह भी उठता है की शिकायत आने पर ही एडीओ पंचायत सफाई कर्मचारी पर कार्यवाही करेंगे यदि शिकायत नही होगी तो क्या सफाई कर्मचारी बिना काम किए ही सरकार से वेतन लेते रहेंगे, ऐसे में चर्चा यह भी हो रही है कही एडीओ पंचायत के संरक्षण में ही तो सफाई कर्मचारी अपनी मनमानी पर आतुर है जिससे सरकार की स्वच्छ भारत मिशन योजना धरातल पर दम तोड़ती नज़र आ रही है।
बनेहटा में एडीओ पंचायत की निष्क्रियता का जीता जागता सबूत
विकासखंड खैराबाद में तैनात एडीओ पंचायत ओमेंद्र पाल सिंह की कार्यशैली पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसका जीता जागता उदाहरण ग्राम पंचायत बनेहटा में देखने को मिल रहा है, जहां सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और स्वच्छ भारत मिशन की बदहाल स्थिति ने जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। ग्राम पंचायत में प्रधान व सचिव की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में जब से सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है, तब से आज तक उसका नियमित संचालन नहीं हो पाया है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सामुदायिक शौचालय बंद पड़ा है, जिसके चलते ग्रामीणों को खुले में शौच करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सरकार की मंशा थी कि ग्रामीणों को गांव में ही स्वच्छता संबंधी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, लेकिन जिम्मेदारों की कथित लापरवाही के चलते योजना का उद्देश्य ही विफल होता नजर आ रहा है।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि प्रधान द्वारा सामुदायिक शौचालय के पास लगे हैंडपंप में समर्सिबल लगवाने के नाम पर लगभग 19 हजार रुपये का भुगतान भी ग्राम निधि से निकाले जाने का आरोप है। ग्रामीणों के मुताबिक, मौके पर आज तक न तो समर्सिबल लगाया गया और न ही हैंडपंप को चालू कराया गया। इतना ही नहीं, हैंडपंप की चेन तक टूटी हुई है, जिसके कारण वह इस्तेमाल के लायक नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब मौके पर समर्सिबल लगाने का कार्य ही नहीं हुआ तो आखिर किस आधार पर सरकारी धनराशि का भुगतान कर दिया गया? क्या भुगतान करने से पहले संबंधित सचिव और एडीओ पंचायत द्वारा स्थलीय सत्यापन करना उचित नहीं समझा गया? सामुदायिक शौचालय और हैंडपंप की बदहाली यह सवाल खड़ा कर रही है कि योजनाओं की निगरानी केवल कागजों तक ही सीमित है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराकर भुगतान से संबंधित अभिलेखों का स्थलीय स्थिति से मिलान कराने की मांग की है। वही इन सब के बीच मे सबसे अहम बात यह भी सामने आयी है की ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मचारी सुनील भी लगभग 3 माह से सफाई का काम करने नही आया है ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मचारी के न आने की वजह से उनको ही नाली आदि की सफाई करनी पड़ती है वही गंदगी बनी रहने की वजह से कभी भी गांव में महामारी फैल सकती है व ग्रामीणों को अपनी चपेट में लेकर भारी जनहानि होने की भी संभावना है।
बिना कार्य के सचिव व प्रधान ने भुगतान निकालकर किया घोटाला
ग्राम पंचायत बनेहटा में प्रधान और सचिव के बीच तालमेल की कार्यशैली पर भी गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचने से पहले ही ग्राम निधि की धनराशि को कथित अनियमित भुगतानों के माध्यम से निकाल लिया जा रहा है। ग्राम पंचायत में डामर रोड से बब्बू के मकान तक इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य इसका उदाहरण बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त कार्य में निर्धारित मात्रा में इंटरलॉकिंग का निर्माण कराए बिना ही लाखों रुपये का भुगतान ग्राम निधि से निकाल लिया गया। जबकि मौके पर निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति भुगतान के अनुरूप नहीं दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, उक्त मार्ग पर आवागमन में काफी परेशानी होने के कारण सरदार जी नामक व्यक्ति ने अपने निजी खर्च से थोड़ी इंटरलॉकिंग लगवाने की व्यवस्था की थी। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान द्वारा इस कार्य को अपने स्तर से नहीं कराया गया, बल्कि निजी खर्च से लगवाई गई इंटरलॉकिंग को ही आधार बनाकर सरकारी भुगतान निकालने का आरोप है। आरोप है कि प्रधान और सचिव ने निर्माण कार्य की एमबी (मेजरमेंट बुक) तथा एस्टीमेट तैयार कराकर ग्राम निधि से लाखों रुपये की धनराशि निकाल ली। यदि मौके पर वास्तविक निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो फिर सरकारी अभिलेखों में कार्य की माप किस आधार पर दर्ज की गई और भुगतान के लिए सत्यापन किस अधिकारी ने किया?
मामले में यह भी जांच का विषय है कि निर्माण कार्य की स्वीकृत धनराशि कितनी थी, अभिलेखों में कितनी इंटरलॉकिंग दर्शाई गई और वास्तविकता में मौके पर कितना कार्य हुआ। यदि एमबी में वास्तविकता से अधिक निर्माण दर्शाकर भुगतान कराया गया है तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला बन सकता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी से मांग की है कि डामर रोड से बब्बू के मकान तक इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य की तकनीकी टीम से पैमाइश कराई जाए तथा एमबी, एस्टीमेट, बिल और भुगतान अभिलेखों का मिलान कराया जाए। जांच में अनियमितता मिलने पर प्रधान, सचिव और संबंधित तकनीकी जिम्मेदारों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाए।


