नवाबगंज उन्नाव। स्थानीय सीएचसी में सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच की गई। नौ अगस्त को रविवार होने के कारण इस बार अभियान दस अगस्त को आयोजित किया गया। सीएचसी में जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि 154 गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं। जांच में रक्तचाप, वजन, शारीरिक परीक्षण, मधुमेह और यूरिन टेस्ट शामिल रहे। जटिलता के आधार पर अन्य आवश्यक जांच भी कराई गईं। जांच के दौरान दस उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई। बताया कि जरूरतमंद 25 गर्भवती महिलाओं का निजी सेंटर से निशुल्क अल्ट्रासाउंड कराया गया। इसका खर्च सरकार की ओर से वहन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 1, 9, 16 और 24 तारीख को सीएचसी में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व निशुल्क जांच की जाती है।
इस दौरान डॉ. अखिलेश विक्रम, डॉ रुचि त्रिपाठी, डॉ जितेंद्र सिंह, बीपीएम मलखान सिंह, फार्मासिस्ट महेश साहू, स्टाफ नर्स गीता, कोमल पाल और काउंसलर कामिनी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं के लिए उपलब्ध है निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा




