सोनभद्र के युवाओं को मिलेगी सफलता की नई राह, अभ्युदय योजना की मुफ्त कोचिंग शुरू

सोनभद्र। आर्थिक और संसाधनों की कमी अब जिले के प्रतिभाशाली युवाओं की राह में बाधा नहीं बनेगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने फीता काटकर कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कोचिंग सेंटर के माध्यम से यूपीएससी, नीट, जेई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग एवं मार्गदर्शन मिलेगा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विद्यार्थियों से संवाद कर अपनी सफलता के अनुभव साझा किए और उन्हें लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में कोचिंग मार्गदर्शन का माध्यम हो सकती है, लेकिन सफलता का वास्तविक आधार स्वाध्याय, अनुशासन, सही रणनीति और निरंतर अभ्यास है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं बिना कोचिंग के परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और परीक्षा पैटर्न समझने, सीमित एवं गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री चुनने, नियमित समय-सारिणी बनाने तथा पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दूसरे अभ्यर्थियों से तुलना करने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उनमें लगातार सुधार करना चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने अपने यूपीएससी की तैयारी के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने परीक्षा में द्वितीय रैंक हासिल की थी। उन्होंने कहा कि बड़ी सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि नियमित और ईमानदार प्रयासों का नतीजा होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित दिनचर्या अपनाने, लक्ष्य के अनुसार समय-सारिणी तैयार कर उसका पालन करने तथा कठिन विषयों से बचने के बजाय उन पर अतिरिक्त मेहनत करने की अपील की। असफलता अथवा कम अंक मिलने पर निराश होने के बजाय कमियों का विश्लेषण कर तैयारी में सुधार करने की सलाह दी। समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना प्रतिभाशाली और मेहनती युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में प्रतिभाग करने और उपलब्ध सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संकल्प और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, एमजी रवि समेत शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Hot this week

डीएम एसपी ने सड़क सुरक्षा समिति की ली बैठक

चित्रकूट। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता व पुलिस अधीक्षक...

धांधली और राजनीतिक संरक्षण के साए में हो रहे अमानक विकास कार्य

​व्यापक अनियमितताओं के बावजूद बेखौफ ठेकेदार, क्या मिल रहा...

सीएम डैशबोर्ड पर सुस्ती देख भड़के डीएम, अफसरों के वेतन और मानदेय पर लगायी रोक

फार्मर आईडी-फैमिली आईडी में धीमी प्रगति पर उपनिदेशक कृषि...

Related Articles