डीएम इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर सीडीओ विनय कुमार सिंह की मॉनिटरिंग का असर, विभागीय कार्यों में बढ़ी पारदर्शिता
सुल्तानपुर। शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में सुलतानपुर जनपद में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की मॉनिटरिंग में ई-ऑफिस के माध्यम से विभागीय कार्यों के संचालन में जनपद ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इसी क्रम में सिंचाई खंड सुलतानपुर ने पहला स्थान हासिल किया है। सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता नवीन कुमार सिंह ने बताया कि विभाग में अधिकांश शासकीय कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से किए जा रहे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की लगातार मॉनिटरिंग और मार्गदर्शन को दिया। ई-ऑफिस व्यवस्था के तहत फाइलों के ऑनलाइन संचालन से सरकारी कामकाज में तेजी आने के साथ-साथ पारदर्शिता भी बढ़ रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को फाइलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए लगातार निर्देशित किया जा रहा है।
कम फाइल संचालन वाले कार्यालयों को चेतावनी
मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय की ओर से ई-ऑफिस में फाइल संचालन की प्रगति की समीक्षा भी की गई। समीक्षा में सामने आया कि 1 अगस्त से अब तक कुछ कार्यालयों में फाइलों का संचालन अपेक्षित स्तर पर नहीं हुआ है। कुछ कार्यालयों में ‘Created’ फाइलों की संख्या शून्य पाई गई, यानी वहां से एक भी नई फाइल का संचालन नहीं किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को मामले का संज्ञान लेते हुए ई-ऑफिस पर फाइलों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया है कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभागीय कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से किए जाएं और फाइलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो। सिंचाई खंड सुलतानपुर की उपलब्धि को जिले में डिजिटल प्रशासन और ई-ऑफिस व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


