बलरामपुर। सोशल मीडिया पर फेसबुक अकाउंट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोतवाली देहात थाने में प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज करने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, फेसबुक पर Marich Tripathi नाम के अकाउंट से एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। इसमें खुद को युवा समाजवादी नेता प्रशांत यादव बताने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक और अभद्र शब्दों का प्रयोग कर रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस टिप्पणी से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और आमजन में नाराजगी है।प्रार्थना पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखनाथ पीठ का पीठाधीश्वर बताते हुए कहा गया है कि उनके खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी से हिंदू समाज में रोष है। शिकायतकर्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित फेसबुक वीडियो की जांच कराने, प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपित के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
