Home उत्तर प्रदेश कन्नौज आधार संशोधन के नाम पर मनमानी वसूली का आरोप, 75 की जगह...

आधार संशोधन के नाम पर मनमानी वसूली का आरोप, 75 की जगह मांगे जा रहे 200 रुपये!

0

आधार केंद्र पर निर्धारित शुल्क से अधिक रकम लेने की शिकायत, इंचार्ज ने दिए जांच और कार्रवाई के संकेत
छिबरामऊ, कन्नौज। नगर की आवास विकास कॉलोनी स्थित बीएसएनएल कार्यालय परिसर में संचालित आधार संशोधन केंद्र पर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने के आरोप सामने आए हैं। आधार कार्ड में संशोधन कराने पहुंच रहे लोगों का आरोप है कि केंद्र पर सरकारी दरों की अनदेखी करते हुए मनमाने तरीके से रुपये मांगे जा रहे हैं। इससे आम लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों के मुताबिक, आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित अन्य जनसांख्यिकीय जानकारी में अलग से संशोधन कराने का निर्धारित शुल्क 75 रुपये है, जबकि केंद्र पर कथित रूप से 200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। कुछ लोगों ने इससे भी अधिक रकम मांगे जाने की शिकायत की है। आरोप है कि आधार संशोधन कराने पहुंचने वाले लोगों से निर्धारित शुल्क से कहीं अधिक धनराशि की मांग की जा रही है।
केंद्र पर लगी शुल्क सूची में भी जनसांख्यिकीय संशोधन के लिए अलग से 75 रुपये तथा सामान्य स्थिति में बायोमेट्रिक संशोधन के लिए 125 रुपये शुल्क अंकित है। वहीं बायोमेट्रिक संशोधन के साथ जनसांख्यिकीय संशोधन कराने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं दर्शाया गया है। इसके बावजूद अधिक रकम मांगे जाने की शिकायतों ने आधार केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि केंद्र पर आशुतोष पुत्र वीरेंद्र पाल, निवासी हरदोई, आधार संशोधन का कार्य कर रहे हैं। लोगों ने उनके द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि मांगे जाने के आरोप लगाए हैं।

शिकायत मिली है, जांच कर होगी कार्रवाई: अपूर्व वर्मा
मामले में इंचार्ज अपूर्व वर्मा ने बताया कि निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूले जाने की शिकायत उनके संज्ञान में आई है। शिकायत को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आधार संशोधन के लिए निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त रकम वसूलने की अनुमति नहीं है। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या मनमानी वसूली सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आधार केंद्र का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
अब देखना होगा कि शिकायत के बाद संबंधित अधिकारियों की जांच में क्या सामने आता है और आधार केंद्र पर निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली के आरोपों पर क्या कार्रवाई होती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version