Home उत्तर प्रदेश उन्नाव काउंसलिंग से 34 दंपतियों के विवाद खत्म, टूटने से बचे परिवार

काउंसलिंग से 34 दंपतियों के विवाद खत्म, टूटने से बचे परिवार

0

उन्नाव पुलिस की पहल लाई रंग, पति-पत्नी के बीच मनमुटाव दूर कर आपसी सहमति से साथ रहने को हुए राजी
उन्नाव। पारिवारिक विवादों के चलते टूटने की कगार पर पहुंचे 34 दंपतियों के बीच उन्नाव पुलिस ने काउंसलिंग के जरिए सुलह कराई। परिवार परामर्श केंद्र और विभिन्न थानों की महिला हेल्प डेस्क पर हुई सुनवाई के दौरान पति-पत्नी की समस्याएं सुनी गईं और आपसी बातचीत व समझाइश से उनके बीच पैदा हुए मतभेद दूर कराए गए। इसके बाद सभी 34 जोड़े आपसी सहमति से साथ रहने के वादे के साथ घर लौटे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन प्रदीप कुमार की अध्यक्षता तथा क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा की उपस्थिति में काउंसलिंग की गई। इसके साथ ही विभिन्न थानों की महिला हेल्प डेस्क पर भी विवादित दंपतियों को बुलाकर उनकी समस्याओं का समाधान कराया गया।
परामर्शदाताओं और महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी। उन्हें आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान और पारिवारिक जिम्मेदारियों का एहसास कराते हुए रिश्तों को बचाने के लिए प्रेरित किया गया। काउंसलिंग के सकारात्मक परिणाम सामने आए और 34 दंपतियों ने आपसी मनमुटाव भुलाकर साथ रहने पर सहमति जताई। इनमें पुरवा थाने के नौ, महिला थाने के सात और परिवार परामर्श केंद्र के पांच जोड़े शामिल रहे। इसके अलावा अजगैन के तीन, बांगरमऊ व बारासगवर के दो-दो तथा सदर कोतवाली, आसीवन, बीघापुर, हसनगंज, मौरावां और दही थाने के एक-एक जोड़े का विवाद निस्तारित कराया गया।
इस पहल में प्रभारी परिवार परामर्श समिति डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. शशि रंजना अग्निहोत्री, डॉ. एसके पांडेय समेत परामर्शदाताओं और महिला पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
रिश्तों को टूटने से बचाने की इस पहल से पुलिस ने न सिर्फ पारिवारिक विवादों के समाधान का प्रयास किया, बल्कि आपसी संवाद और समझदारी के जरिए परिवारों में फिर से विश्वास कायम करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version