Home उत्तर प्रदेश गोंडा गोंडा डीएम का नगर विकास विभाग में हुआ तबादला, रमेश रंजन होंगे...

गोंडा डीएम का नगर विकास विभाग में हुआ तबादला, रमेश रंजन होंगे गोंडा के जिलाधिकारी

0

16 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल, 2013 बैच के आईएएस रमेश रंजन संभालेंगे जिले की कमान, फिरोजाबाद, हाथरस और कुशीनगर में जिलाधिकारी रह चुके हैं नए डीएम
गोंडा। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर तबादलों का बड़ा दौर जारी है। रविवार देर रात 55 पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद सोमवार को शासन ने 16 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल कर दिया। इस प्रशासनिक बदलाव में गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन का भी तबादला कर दिया गया है। उन्हें विशेष सचिव, नगर विकास विभाग के पद पर भेजा गया है। वहीं 2013 बैच के आईएएस अधिकारी रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह अभी तक राजस्व परिषद, लखनऊ में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात थे।

कौन हैं नए डीएम रमेश रंजन
गोंडा के नए जिलाधिकारी रमेश रंजन 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश कैडर से जुड़े हैं। मूल रूप से बिहार के रहने वाले रमेश रंजन ने एनआईटी कालीकट से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन में बीटेक की शिक्षा प्राप्त की है। प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में सहायक सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं। प्रदेश में उनकी तैनाती विशेष सचिव, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रही है।

तीन जिलों में डीएम रह चुके हैं रमेश रंजन
रमेश रंजन को जिला प्रशासन चलाने का भी अच्छा अनुभव है। वह इससे पहले कुशीनगर और हाथरस के जिलाधिकारी रह चुके हैं। मार्च 2024 में उन्हें फिरोजाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया था। वहां भी उन्होंने करीब दो वर्षों तक जिले की प्रशासनिक कमान संभाली। फिरोजाबाद में जिलाधिकारी रहते हुए उनका नाम प्रशासनिक गतिविधियों और विकास कार्यों को लेकर लगातार चर्चा में रहा। इसके बाद उन्हें राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई थी। अब शासन ने उन्हें गोंडा जैसे महत्वपूर्ण जिले की कमान सौंपी है।

प्रियंका निरंजन को भेजा गया शासन
वहीं गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास विभाग बनाया गया है। उनके कार्यकाल में जिले में प्रशासनिक समीक्षा, विकास योजनाओं की निगरानी, राजस्व मामलों और जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर कई महत्वपूर्ण अभियान संचालित हुए। अब शासन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जिले में उनके स्थान पर रमेश रंजन की तैनाती की गई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version