परियर चौकी पर बैरियर लगाकर वाहनों और व्यक्तियों की हुई जांच, पुलिसकर्मियों को दिए गए सतर्कता के निर्देश
सफीपुर, उन्नाव। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रविवार को बॉर्डर सीलिंग प्लान के तहत पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सफीपुर दीपक यादव ने चौकी प्रभारी परियर और पुलिस बल के साथ परियर चौकी क्षेत्र में बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की।
इस दौरान पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी। सीओ ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और चेकिंग अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाए रखने पर जोर दिया।
