Home उत्तर प्रदेश उन्नाव मोह ही मनुष्य के दुखों का मूल कारण, त्याग और परोपकार से...

मोह ही मनुष्य के दुखों का मूल कारण, त्याग और परोपकार से मिलेगी शांति – मानस लहरी

0

कुटी बीर बाबा में चल रहे महायज्ञ के चौथे दिन रामकथा में उमड़े श्रद्धालु, सोमवार को नौ बटुकों का होगा यज्ञोपवीत संस्कार
उन्नाव। ज्ञान का व्यवसाय करने वाले, स्वार्थ के लिए धर्म का दोहन करने वाले, छल-कपट और चुगलखोरी में लिप्त रहने वाले तथा वेदों की निंदा करने वालों को इस जन्म में ही नहीं, बल्कि अगले जन्म में भी ईश्वरत्व की प्राप्ति नहीं होती। यह उद्गार प्रयाग से आए मानस लहरी जी ने असोहा थाना क्षेत्र के अजयपुर स्थित पावन धाम कुटी बीर बाबा मंदिर परिसर में चल रहे 11वें हनुमत रुद्र महायज्ञ एवं मानस वेदांत संत सम्मेलन के चौथे दिन रामकथा के दौरान व्यक्त किए।
उन्होंने श्रद्धालुओं को रामचरितमानस की चौपाई ‘मोह सकल व्याधिन्ह कर मूला’ का अर्थ समझाते हुए कहा कि मोह ही संसार के समस्त दुखों, कष्टों और वेदनाओं का मूल कारण है। मनुष्य यदि भौतिक संसार के बजाय ईश्वर से मोह लगाए तो वह कभी दुखी नहीं रह सकता। जब तक मनुष्य मोह का त्याग नहीं करेगा, तब तक काम, क्रोध और लोभ जैसे विकार उसकी आत्मा को विचलित कर अशांत बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि जीवन में शांति और संतोष के लिए मनुष्य को परोपकार, सत्कर्म और सदाचरण अपनाना चाहिए।
आयोजक भाजपा नेता संजय शुक्ल ने बताया कि 16 नवंबर, सोमवार को यज्ञ परिसर में नौ बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार कराया जाएगा। इसके लिए कांथा, डलाखेड़ा, कंदरपुर, उतरौरा, अजयपुर और निमैचा गांवों के परिवारों ने तैयारियां की हैं। उन्होंने बताया कि कुटी बीर बाबा स्वयं सहायता समूह की ओर से सभी कार्यक्रम निशुल्क कराए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में यज्ञोपवीत जैसे पुनीत संस्कार संपन्न कराने की अपील की। इस दौरान हरिकेश यादव, नवाजुल हसन, नान्ह यादव, ताहिर पठान, लकी सविता, अंशु अवस्थी, शानू अवस्थी, प्रेम जायसवाल, सुशील शुक्ल समेत क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version