रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का छापा, 69 किलो संदिग्ध पनीर सामग्री सीज

पमेधिया में बिना लाइसेंस चल रही थी पनीर बनाने की यूनिट, सफेद पाउडर और मिल्क मिक्स पाउडर से तैयार हो रहा था पनीर, 35 किलो पनीर और 170 लीटर दूध कराया नष्ट

हसनगंज उन्नाव। रक्षाबंधन पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ग्राम पमेधिया में छापा मारकर बिना लाइसेंस चल रही पनीर निर्माण इकाई पकड़ी। मौके पर मानकों को दरकिनार कर सफेद पाउडर, मिल्क मिक्स पाउडर और छेना पाउडर से पनीर तैयार किया जा रहा था।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ और जिलाधिकारी उन्नाव के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में टीम ने खाद्य कारोबारी सुरेंद्र कुमार पुत्र रामप्रकाश के परिसर में छापेमारी की। जांच में निर्माण इकाई बिना लाइसेंस संचालित मिली। टीम ने तत्काल निर्माण कार्य बंद कराया और कारोबारी को नोटिस जारी किया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लिए। मौके से करीब 69 किलोग्राम संदिग्ध सामग्री, जिसकी कीमत लगभग 27,600 रुपये है, सीज की गई। इसके अलावा तैयार किया गया 35 किलोग्राम पनीर और 170 लीटर दूध, जिसकी अनुमानित कीमत 21,750 रुपये बताई गई है, को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि पर्वों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त प्रियंका सिंह के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष वर्मा, महेश कुमार, पंकज यादव, वीरन सिंह, राजेंद्र प्रसाद, पल्लवी शर्मा और आकांक्षा जायसवाल मौजूद रहे।

Hot this week

आय-जाति-निवास पोर्टल ठप! मेधावी छात्राओं के स्कूटी आवेदन पर बड़ा संकट

जलालपुर अंबेडकर नगर। सरकार की मेधावी बालिका स्कूटी योजना...

शिव महापुराण कथा से पहले निकाली गई भव्य कलश यात्रा

रायबरेली के ऊंचाहार कलश यात्रा में पहुंचे एडीजी और...

भारी बारिश से तिल, उड़द और मूंग की फसल चौपट, किसानों ने मांगा मुआवजा

बांदा। जिले के जसपुरा विकासखंड के कई ग्राम पंचायत...

बदहाली की मार: सौ शैया अस्पताल में बेडों से चादरें गायब, घंटों अंधेरे में रहे मरीज

अव्यवस्थाओं से आक्रोशित सामाजिक संगठनों और किसान नेताओं ने...

Related Articles