बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां स्वर्गीय सावित्री देवी के निधन पर शनिवार को शक्तिपीठ श्री देवीपाटन मंदिर में शोकसभा आयोजित की गई। मंदिर के पीठाधीश्वर महंत योगी मिथिलेशनाथ के सानिध्य में आयोजित सभा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्वर्गीय सावित्री देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उन्हें धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। शोकसभा में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू, पूर्व विधायक शैलेष कुमार सिंह शैलू, चेयरमैन रवि वर्मा, प्रिन्स वर्मा, ब्लॉक प्रमुख शक्ति सिंह, राकेश तिवारी, जन्मेजय सिंह, प्रवीण सिंह विक्की, डॉ. विशाल मिश्र, श्याम मनोहर तिवारी, डॉ. अजय सिंह पिंकू, डीपी सिंह बैस, मनीष सिंह, दिलीप गुप्ता, गौरव मिश्र और शिवम मिश्र समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
