नवाबगंज उन्नाव। राष्ट्रीय खेल दिवस से पहले आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम में गुरुवार को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने वर्चुअली सहभागिता की। हाईवे स्थित विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं से खेल, फिटनेस और युवा शक्ति से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम में खेलों के विकास, युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने, युवा नेतृत्व, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा हुई। संवाद के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के संवाद को उत्साह के साथ सुना और खेल एवं फिटनेस से जुड़े विचारों, सुझावों और आकांक्षाओं को साझा करने के अवसर का लाभ उठाया।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर जय इंदर सिंह संधू ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ जैसे कार्यक्रम युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम हैं। खेल केवल शारीरिक क्षमता विकसित नहीं करते, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीमवर्क और जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से की खेल, फिटनेस और युवा शक्ति पर बात, राष्ट्र निर्माण में भूमिका का दिया संदेश


