सड़क पर राखड़ गिराने वाले वाहनों पर रोक लगाने और सफाई कराने की मांग
म्योरपुर, सोनभद्र। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर राखड़ लदे वाहनों से गिर रही राखड़ की धूल लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क पर फैली राखड़ के उड़ने से राहगीरों को सामने का रास्ता दिखाई नहीं देता। इससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं आसपास के ग्रामीणों को सांस लेने में भी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीजपुर एनटीपीसी से राखड़ लदे भारी वाहन मुर्धवा-बीजपुर मार्ग से गुजरते हैं। इस दौरान वाहनों से सूखी और गीली राखड़ सड़क पर गिरती रहती है। बाद में सूखने पर यही राखड़ धूल बनकर उड़ने लगती है। आश्रम मोड़ से रनटोला तक कई स्थानों पर सड़क पर राखड़ फैली हुई है। इससे वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है। शनिवार को म्योरपुर से रेणुकूट जा रहा एक बाइक सवार आरवाई सिंह घाटी के पास राखड़ की धूल के कारण सामने से आ रहे ट्रक को नहीं देख पाया। हालांकि संयोगवश दुर्घटना टल गई, लेकिन इस घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के साथ उड़ती राखड़ दोपहिया और चारपहिया चालकों के लिए गंभीर खतरा बन रही है। पर्यावरण कार्यकर्ता बेचन, प्रशांत दुबे, पीके शर्मा, अमन विश्वकर्मा, दीपक, राजबली, कमलेश, राकेश और दयाराम ने संबंधित विभाग से सड़क पर गिरी राखड़ तत्काल हटवाने, वाहनों से राखड़ गिरने पर रोक लगाने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।



