Home उत्तर प्रदेश सोनभद्र सोनांचल में धूमधाम से मनायी गई सरदार पटेल की जयंती

सोनांचल में धूमधाम से मनायी गई सरदार पटेल की जयंती

0
8

सोनभद्र। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को जनपद में भाजपा, सपा और राष्ट्रीय लोक दल की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा ने रन फॉर यूनिटी निकालकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया, जबकि सपा और रालोद ने संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उनके योगदान को याद किया।
भाजपा की ओर से स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह से चाचा नेहरू पार्क स्थित शहीद स्थल तक रन फॉर यूनिटी निकाली गई।

मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री रामसुन्दर निषाद ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष अमरेश पटेल ने की तथा संयोजन जिला महामंत्री अशोक मौर्य ने किया। इसमें बृजेश श्रीवास्तव, संतोष शुक्ला, निशांत कुशवाहा, आशा विश्वकर्मा, रजनीश रघुवंशी सहित कार्यकर्ता शामिल रहे।

समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर सरदार पटेल एवं आचार्य नरेंद्र देव की जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथि प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी दूधनाथ पटेल ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की प्रेरणा है। जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने पिछड़े वर्गों को समान अवसर और सम्मानजनक भागीदारी देने के उनके विचारों को याद किया। सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि उन्होंने हर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। इस दौरान पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, संजय यादव, चौधरी यशवंत सिंह पटेल, मोहम्मद सईद कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोक दल कार्यालय पर जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। श्रीकांत त्रिपाठी ने बारडोली सत्याग्रह में किसानों को संगठित कर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने और देश की रियासतों के एकीकरण में उनकी भूमिका को याद किया। जिला संगठन महासचिव धीरज चौबे ने खेड़ा सत्याग्रह में किसानों के हितों के लिए किए गए संघर्ष का उल्लेख किया। संचालन जिला सचिव रामदेव चौहान ने किया।

NO COMMENTS