बांदा। शहर में बढ़ते यातायात दबाव, आए दिन लगने वाले जाम एवं सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने बांदा स्थित रोडवेज बस अड्डे को शहर की घनी आबादी से बाहर स्थानांतरित किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के नाम पत्र बापू भवन सचिवालय लखनऊ में प्रमुख सचिव के निजी सचिव हरिश्चंद्र सिंह पटेल को सौंपा, जिसे निजी सचिव द्वारा प्रमुख सचिव तक पहुंचाया गया। पत्र में कहा गया कि वर्तमान रोडवेज बस अड्डा घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में रोडवेज बसों का शहर के अंदर आवागमन होता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही आए दिन जाम, दुर्घटनाओं एवं सड़क हादसों की स्थिति बनी रहती है। भारी वाहनों के आवागमन से आम नागरिकों, राहगीरों, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। शालिनी सिंह पटेल ने मांग की कि बांदा शहर स्थित वर्तमान रोडवेज बस अड्डे को शहर की घनी आबादी से बाहर उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए तथा शहर के बाहरी क्षेत्र में पर्याप्त भूमि का चिन्हांकन कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया रोडवेज बस टर्मिनल बनाया जाए। उन्होंने नए बस अड्डे पर पर्याप्त पार्किंग, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा महिलाओं एवं बुजुर्गों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही बांदा शहर में पिछले वर्षों में बसों एवं भारी वाहनों से हुई सड़क दुर्घटनाओं का संज्ञान लेकर दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों का सर्वे कराने तथा जिलाधिकारी बांदा, परिवहन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गठित कर शहर के बाहर नए बस अड्डे के लिए उपयुक्त भूमि का स्थलीय निरीक्षण एवं चिन्हांकन कराने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि नए बस अड्डे का निर्माण ऐसे स्थान पर किया जाना चाहिए, जहां प्रमुख मार्गों से आने-जाने वाली बसें शहर की आबादी में प्रवेश किए बिना अपने गंतव्य की ओर जा सकें। शालिनी सिंह पटेल ने शासन से नए बस अड्डे के निर्माण एवं वर्तमान बस अड्डे के स्थानांतरण के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक बजट उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बांदा शहर की बढ़ती आबादी, यातायात के बढ़ते दबाव तथा आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यह केवल यातायात व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि जनसुरक्षा एवं जनजीवन से जुड़ा गंभीर विषय है। जनहित में उन्होंने रोडवेज बस अड्डे को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ किए जाने की मांग की, जिससे शहरवासियों को जाम, दुर्घटनाओं एवं भारी वाहनों के दबाव से राहत मिल सके।
बांदा रोडवेज बस अड्डा शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग, प्रमुख सचिव को सौंपा पत्र


