गांव तक पहुंचने की फुर्सत नहीं या विकास प्राथमिकता में नहीं,
तीन कार्यकाल के बाद भी ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं का इंतजार, विधायक के गांव न पहुंचने का दावा कर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
उन्नाव। सदर विधानसभा से लगातार तीन बार विधायक चुने गए पंकज गुप्ता के विकास के दावों पर अब उनके ही क्षेत्र के गांव सवाल खड़े कर रहे हैं। ग्राम पंचायत परियर के सैदापुर और बीबीखेड़ा के ग्रामीणों का आरोप है कि तीन बार विधायक बनने के बावजूद पंकज गुप्ता ने आज तक उनके गांवों का दौरा तक नहीं किया। गांव की समस्याएं जस की तस हैं और ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए इंतजार कर रहे हैं।
सवाल यह है कि जब एक जनप्रतिनिधि को लगातार तीन बार जनता ने विधानसभा पहुंचाया, तो क्या उसके क्षेत्र के गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचाने की जिम्मेदारी नहीं बनती? आखिर सैदापुर और बीबीखेड़ा जैसे गांव विकास की प्राथमिकता से बाहर क्यों हैं?
तीन बार का जनादेश, फिर भी गांवों को इंतजार
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान जनता से विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव बीतने के बाद गांवों की सुध लेने वाला कोई नजर नहीं आता। सड़क, नाली, बिजली और जलनिकासी जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधित्व के तीन कार्यकाल गुजरने के बाद भी उनके गांवों की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया।
ग्रामीणों के बीच अब यह सवाल चर्चा का विषय बना है कि आखिर विधायक पंकज गुप्ता की नजर इन गांवों पर कब पड़ेगी? क्या विकास का पैमाना केवल शहर और प्रमुख मार्गों तक सीमित रह गया है? क्या गांवों की समस्याएं जनप्रतिनिधि तक नहीं पहुंचतीं या फिर पहुंचने के बावजूद उन पर कार्रवाई नहीं होती?
ग्रामीणों की मांग है कि विधायक स्वयं गांव पहुंचकर हकीकत देखें और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाएं। अब ग्रामीणों को आश्वासन नहीं, धरातल पर काम चाहिए।
तीन बार के जनादेश के बाद भी सैदापुर और बीबीखेड़ा इंतजार में हैं। अब सवाल विधायक से है कि इन गांवों के विकास की बारी आखिर कब आएगी?



