Home उत्तर प्रदेश बलरामपुर दिव्यांग पेंशन के आवेदन से ग्राम सभा प्रस्ताव और बीडीओ की संस्तुति...

दिव्यांग पेंशन के आवेदन से ग्राम सभा प्रस्ताव और बीडीओ की संस्तुति की अनिवार्यता खत्म

0

बलरामपुर। दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ पाने के लिए अब पात्र दिव्यांगजनों को ग्राम सभा के प्रस्ताव और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की संस्तुति की आवश्यकता नहीं होगी। शासन ने आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाते हुए इन दोनों औपचारिकताओं को समाप्त कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत पात्र दिव्यांगजन सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजीव कुमार यादव ने बताया कि पहले पेंशन के लिए आवेदन करते समय ग्राम सभा का प्रस्ताव अथवा बीडीओ की संस्तुति प्रस्तुत करनी पड़ती थी। शासन के नए आदेश के बाद अब इसकी जरूरत नहीं होगी। आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन के साथ निर्धारित अभिलेखों की स्वप्रमाणित प्रतियां अपलोड करनी होंगी।इनमें नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, आय प्रमाणपत्र, जन्मतिथि अंकित आयु प्रमाणपत्र, सक्षम अधिकारी से जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र अथवा यूडीआईडी कार्ड, राष्ट्रीयकृत बैंक की कोर बैंकिंग सुविधा से जुड़ी पासबुक और आधार कार्ड शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद संबंधित कार्यालय की ओर से अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।उन्होंने बताया कि पात्र दिव्यांगजन नजदीकी जनसेवा केंद्र से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद उसकी हार्डकॉपी सभी संबंधित अभिलेखों के साथ एक सप्ताह के भीतर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन बलरामपुर में जमा करनी होगी। अधिकारी ने पात्र दिव्यांगजनों से शीघ्र आवेदन करने की अपील की है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version