बढ़नी सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी नगर के वार्ड सात कल्लनडीहवा निवासी ध्रुव चतुर्वेदी की 16 वर्षीय पौत्री अनामिका की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। किशोरी की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, संजय चतुर्वेदी परिवार के कुछ सदस्यों के साथ गर्मी के चलते छत पर सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे उनकी बेटी अनामिका भी छत पर जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ रही थी। अंधेरा होने के कारण सीढ़ी पर बैठे सांप पर उसकी नजर नहीं पड़ी। इसी दौरान सांप ने उसे दो बार डस लिया।
अनामिका के शोर मचाने पर स्वजन मौके पर पहुंचे। रोशनी करने पर सीढ़ी पर कोबरा सांप बैठा दिखाई दिया। स्वजन तत्काल किशोरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. प्रदीप वर्मा ने बताया कि किशोरी को एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) देने के साथ प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
स्वजन किशोरी को लेकर मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, तभी रास्ते में रात करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। स्वजन के अनुसार, अनामिका संजय चतुर्वेदी की छह बेटियों में दूसरे नंबर की थी और गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी।
घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदारों और परिचितों के परिवार के घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। किशोरी की मौत से परिवार के साथ आसपास के लोगों में भी शोक की लहर है।
सीढ़ी पर बैठे कोबरा ने किशोरी को डसा, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय मौत

