कस्तूरबा विद्यालय पहुंचीं डीएम की निगाहें,पढ़ाई की गुणवत्ता, भोजन एव सुरक्षा पर दिया जोर
उन्नाव। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बिछिया में शनिवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की मौजूदगी में औचक निरीक्षण किया। डीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से सीधे संवाद किया और पढ़ाई से लेकर भोजन व विद्यालय में मिल रही सुविधाओं तक की जानकारी ली। जब उन्होंने छात्राओं से पूछा कि पढ़ लिखकर आगे क्या बनना चाहती हैं तो किसी ने आईएएस तो किसी ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई। छात्राओं के जवाब सुनकर डीएम ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और लक्ष्य हासिल करने के लिए ईमानदारी के साथ कड़ी मेहनत करने की सीख दी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्राओं से पढ़ाई के साथ भोजन आदि के सम्बंध में जानकारी ली। पूंछा कि आज उन्हें खाने में क्या दिया गया।
डीएम ने विद्यालय के मेस का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता के साथ इस्तेमाल की जा रही खाद्य सामग्री को भी परखा। उन्होंने छात्राओं को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को कहा। कहा कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पढ़ाई में लापरवाही मिली तो कार्रवाई के दिए संकेत
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि जिस विषय के शिक्षक हैं, उसे पूरी रुचि और गंभीरता के साथ छात्राओं को पढ़ाएं। शिक्षक समय से विद्यालय पहुंचें और पठन-पाठन व्यवस्था सुचारु रहे। उन्होंने साफ कहा कि पढ़ाई के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। डीएम ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सुरक्षा व्यवस्था के प्रति गम्भीर दिखे डीएम
विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश पांडेय को विद्यालय में प्राथमिकता के आधार पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विद्यालय परिसर में सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित और बेहतर स्थिति में रखी जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश पांडेय, तहसीलदार सदर, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षिकाएं सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

