झंडों की ऊंचाई और भीड़ पर रहेगी नजर, जुलूस मार्गों पर जर्जर बिजली लाइन और आवारा पशु हटाने के आदेश
उन्नाव। बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह की मौजूदगी में धर्मगुरुओं व जिला स्तरीय अधिकारियों की पीस कमेटी बैठक हुई। बैठक में जुलूस के दौरान सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
डीएम ने कहा कि बारावफात के जुलूस पारंपरिक मार्ग और पहले से चली आ रही परंपराओं के अनुसार ही निकाले जाएंगे। किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने एसडीएम, सीओ और नगर निकायों के अधिकारियों को जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।
जुलूस मार्गों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही जर्जर विद्युत लाइनों को व्यवस्थित करने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा जुलूस के रास्ते में आवारा पशु न पहुंचें, इसके लिए उन्हें गौशालाओं में भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजे पर अश्लील गाने बजे तो कार्रवाई-डीएम
डीएम ने जुलूस में डीजे और झंडों की ऊंचाई को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा डीजे के ऊपर न बैठें और किसी भी हालत में अश्लील गाने न बजाए जाएं। जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाले जाएं और भीड़ का पहले से आकलन कर उसी के अनुरूप सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जाए।उन्होंने अधिकारियों कहा कि जुलूस मार्गों का भ्रमण कर छोटी से छोटी कमी को भी नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को पर्व के दौरान पूरी तरह अलर्ट रहने और सौंपे गए दायित्वों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर रखें संयम
डीएम ने लोगों से सोशल मीडिया का इस्तेमालजिम्मेदारी से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के कोई संदेश या वीडियो प्रसारित न करें। सभी लोग आपसी भाईचारा, प्रेम, शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाएं।
बारावफात के दौरान किसी भी समस्या के तत्काल समाधान के लिए तहसील और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।
पुलिस भी रहेगी मुस्तैद
एसपी जय प्रकाश सिंह ने कहा कि जुलूस में शामिल युवा उत्साह में ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी को नुकसान पहुंचे। जुलूस के समय और मार्ग का पहले से आकलन कर लिया जाए। उन्होंने डीजे पर अश्लील गाने बजाने से साफ तौर पर मना किया।
एसपी ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह आयोजकों के साथ है। जुलूस के दौरान पुलिस बल और वॉलिंटियर्स आपसी समन्वय से व्यवस्था संभालेंगे। ताकि पर्व शांतिपूर्वक संपन्न कराया जा सके।
बैठक में सीडीओ कृति राज, एडीएम न्यायिक अमिताभ यादव, एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह, जिला विकास अधिकारी देव कुमार चतुर्वेदी, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, सभी एसडीएम व सीओ तथा विभिन्न धर्मगुरु मौजूद रहे।


