गोंडा। भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश की मंडलीय संगोष्ठी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। संयुक्त शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल राकेश कुमार के निर्देश पर हुई बैठक में गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।बैठक के लिए लखनऊ से पहुंचे प्रादेशिक संगठन कमिश्नर एवं देवीपाटन मंडल के नोडल अधिकारी रविंद्र सोखी का राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अमिता पांडेय और जिला सचिव गोण्डा मेजर डॉ. राजेश द्विवेदी ने स्वागत किया।नोडल अधिकारी ने चारों जिलों के मुख्य आयुक्त और जिला सचिवों से संगठन की गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा की। वर्ष 2025-26 में आयोजित संगठनात्मक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी लेने के साथ बेसिक, माध्यमिक, सीबीएसई विद्यालयों, महाविद्यालयों और डाइट में संचालित स्काउट-गाइड यूनिटों के पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा की गई।बैठक में वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों, बेसिक शिक्षा विभाग एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में नवीनीकरण व प्रशिक्षण, स्काउट-गाइड के एडवेंचर कार्यक्रमों तथा बीएड और डीएलएड संस्थानों के प्रशिक्षकों के अनिवार्य स्काउट-गाइड प्रशिक्षण की स्थिति पर चर्चा हुई। नोडल अधिकारी ने कार्यालय एवं जनपदीय अभिलेखों के बेहतर रखरखाव, मंडलीय रैली के आयोजन, ऑडिट रिपोर्ट और बजट से संबंधित जानकारी भी ली।सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त देवीपाटन मंडल कुसुम वर्मा ने मंडल की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रधानाचार्या अमिता पांडेय ने नोडल अधिकारी एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक के प्रति आभार जताते हुए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
जिला संगठन कमिश्नर ज्ञानेश गुप्ता ने उपस्थित पदाधिकारियों को स्कार्फ एवं बैज लगाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष सुभाष जायसवाल, जिला स्काउट कमिश्नर धर्मवीर सिंह, जिला गाइड कमिश्नर सुनीता रानी, महाविद्यालय से नीलम छाबड़ा और बेसिक विभाग से राजेश मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने देवीपाटन मंडल में स्काउट और गाइड गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
मंडलीय संगोष्ठी में स्काउट-गाइड गतिविधियों की समीक्षा, प्रशिक्षण और पंजीकरण पर जोर


