‘राम मंदिर के लिए सत्ता न्यौछावर करने वाले बाबूजी के सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि’
छिबरामऊ कन्नौज। शक्तिपीठ गमा देवी मंदिर परिसर में लोधी क्षत्रिय उत्थान समिति के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल पद्म विभूषण स्व. बाबू कल्याण सिंह की पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने उनके जीवन, आदर्शों और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व सांसद प्रो. रामबक्स वर्मा ने कहा कि बाबूजी ने न केवल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अमिट छाप छोड़ी, बल्कि दोनों राज्यों के राज्यपाल रहते हुए भी जनसेवा की मिसाल कायम की, विशिष्ट अतिथि रामानंद वर्मा ने याद दिलाया कि राम मंदिर निर्माण के संकल्प के लिए बाबूजी ने अपनी सरकार तक कुर्बान कर दी थी। उनके सपनों को साकार करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है, वक्ताओं ने प्रेरणास्रोत बाबूजी की स्मृति में नगर पालिका अध्यक्ष मनोज दुबे से शहर में जल्द से जल्द एक पार्क का निर्माण कराने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रपति से सम्मानित पूर्व प्रधानाध्यापक भारत सिंह वर्मा ने किया। इस दौरान रामप्रकाश वर्मा, श्रीपाल वर्मा, श्याम सिंह, आशाराम यादव, डॉ. रजनीश राजपूत, रामचंद्र वर्मा और गमा देवी मंदिर के पुजारी पंडित बनारसी दास शास्त्री सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
समारोह के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।


