सोशल मीडिया पर शिवानी रहती थी एक्टिव बनाती थी रील
गोंडा। धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बछईपुर में शुक्रवार देर रात 30 वर्षीय विवाहिता शिवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।शिवानी प्रदीप कुमार की पत्नी थीं। उनके चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। बड़ी बेटी वीरा करीब सात वर्ष, दूसरी बेटी छम्मा करीब पांच वर्ष की है। वहीं बेटा जिगर करीब तीन वर्ष और सबसे छोटा आर्यन लगभग डेढ़ वर्ष का है। मां की अचानक मौत से चारों बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।बताया जा रहा है कि शिवानी अपने पति प्रदीप कुमार के नाम से फेसबुक अकाउंट संचालित करती थीं और सोशल मीडिया पर रील भी बनाती थीं। उनकी अचानक हुई मौत के बाद गांव और परिचितों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर धानेपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

